शाला खुलने के समय घानाघाट हाई स्कूल में मिला ताला, SDM रामबाबू देवांगन ने जताई नाराजगी

Listen to this article

शाला खुलने के समय घानाघाट हाई स्कूल में मिला ताला, SDM रामबाबू देवांगन ने जताई नाराजगी

संपादक प्रकाश मिश्रा

जनपथ टुडे डिंडौरी- 18 जुलाई 2026- जिले में शिक्षण संस्थानों में मनमानी चरम पर है कभी समय पर स्कूल नहीं खुलता तो कहीं समय से पहले स्कूलों में ताला लटका पाया जाता है । ताजा मामला शनिवार का है जहां डिंडोरी एसडीएम रामबाबू देवांगन ने शासकीय हाई स्कूल घानाघाट एवं एकीकृत माध्यमिक शाला घानाघाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय हाई स्कूल घानाघाट में शाला प्रारंभ होने के निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा मिला, जबकि छात्र-छात्राएं विद्यालय के बाहर बैठे हुए थे।

एसडीएम ने विद्यार्थियों से चर्चा की, जिसमें पता चला कि निरीक्षण के समय प्राचार्य रामलाल रजक विद्यालय में उपस्थित नहीं थे। बाद में अन्य शिक्षक विद्यालय पहुंचे। इस लापरवाही पर एसडीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए समयपालन एवं शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने छात्र-छात्राओं से सामान्य ज्ञान एवं उनके भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने प्रत्येक शनिवार सामान्य ज्ञान की विशेष कक्षा आयोजित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने तथा उनके कैरियर मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इसके बाद एसडीएम ने एकीकृत माध्यमिक शाला घानाघाट का निरीक्षण किया, जहां सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। उन्होंने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का भी जायजा लिया और निर्देश दिए कि प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन तैयार कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाए।

एसडीएम रामबाबू देवांगन ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में समयपालन, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000