चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ, जनजातीय कार्य विभाग ने जारी किए आदेश, 10, 20 और 30 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

Listen to this article

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडौरी 21 अगस्त 2026- जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी द्वारा विभाग में कार्यरत नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान करने के संबंध में आदेश जारी किया गया है। कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी द्वारा जारी आदेश में 10, 20 एवं 30 वर्ष की नियमित सेवा पूर्ण कर चुके पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार समयमान वेतनमान की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह चंदेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विभागीय पदोन्नति/कमोन्नति समिति की अनुशंसा एवं प्राप्त अनुमोदन के आधार पर पात्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को यह लाभ दिया जा रहा है। संघ के अनुसार जिलेभर में 86 कर्मचारी इस आदेश से लाभान्वित होंगे।

जारी आदेश के अनुसार निर्धारित सेवा अवधि पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को नियमानुसार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाएगा। इससे लंबे समय से नियमित सेवा दे रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतनमान में वृद्धि का लाभ मिलेगा।

समयमान वेतनमान का आदेश जारी होने से विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के हित में आदेश जारी करने पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000