
दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, उपकरण और पेंशन का सहारा, करंजिया में 171 हितग्राही चयनित
सेवा संकल्प अभियान: डिंडौरी के करंजिया में दिव्यांगजनों और वरिष्ठजनों के लिए शिविर आयोजित, 209 पंजीयन और 171 हितग्राही चयनित
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे डिंडौरी 13 अक्टूबर:- जिले में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त तथा आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों और जिला चिकित्सालय में शिविर लगाकर दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर, सहायक उपकरण, यूडीआईडी कार्ड, मेडिकल प्रमाण पत्र और पेंशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंजीयन तथा परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को करंजिया, 13 अक्टूबर को बजाग, 14 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय डिंडौरी, 15 अक्टूबर को समनापुर, 16 अक्टूबर को मेंहदवानी तथा 17 अक्टूबर 2026 को शहपुरा जनपद पंचायत में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
करंजिया शिविर में 209 पंजीयन और 171 हितग्राहियों का हुआ चयन
अभियान के प्रथम चरण में सोमवार को जनपद पंचायत करंजिया में शिविर का आयोजन संपन्न हुआ। इस शिविर में कुल 209 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिनमें से परीक्षण के पश्चात 171 पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के लाभ के लिए चिन्हित किया गया। इनमें वयोश्री योजना के तहत 62, सहायक उपकरणों के लिए 41, यूडीआईडी कार्ड हेतु 36, मेडिकल प्रमाण पत्र के लिए 17, कृत्रिम अंग के लिए 11 तथा पेंशन सुविधाओं के लिए 4 हितग्राही शामिल हैं। संबंधित विभागों द्वारा इन सभी चिन्हित हितग्राहियों को उनकी आवश्यकतानुसार सुविधाएं प्रदान करने के लिए त्वरित कार्यवाही की गई है, ताकि उनका दैनिक जीवन सुगम और सम्मानजनक बन सके।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से सफल हुआ आयोजन
शिविर के सफल संचालन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की महती भूमिका रही। आयोजन में करंजिया जनपद पंचायत अध्यक्ष राजू उद्दे, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपसंचालक श्याम सिंगौर, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कमलेश्वर सिंह धुर्वे तथा स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, डॉ. अजय राज, डॉ. प्रकाश ठाकुर और डॉ. मिनी मोर्वी उपस्थित रहे। इसके साथ ही एलिम्को संस्था से नवनीत तिवारी, प्रणव शुक्ला, मुकेश लोधी एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) से डॉ. आनंद गोल्हानी, रुचि विनोदिया और सरमन ठाकुर ने शिविर में सहभागिता कर पंजीयन व परीक्षण की कार्यवाही को सुगमता से पूर्ण कराया।



