
अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का बड़ा चाबुक: गिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे डिंडौरी 16 अक्टूबर :- डिंडौरी जिले में अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन पर पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है।
टीम ने गाडासरई थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदा रैयत से अवैध रूप से गिट्टी ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़कर जब्त कर लिया है।
गाडासरई थाने की अभिरक्षा में सौंपा गया वाहन
कार्यवाही के दौरान जब्त की गई गिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तुरंत पुलिस अभिरक्षा में लेकर गाडासरई थाने में सुरक्षित खड़ा करवा दिया गया है। संबंधित वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी पैनी नजर
जिला प्रशासन ने जिले में अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिले भर में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।



