
राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में डिंडोरी के सात खिलाड़ियों ने लहराया परचम
मध्य भारत की टीम ने हासिल किया उपविजेता का खिताब, राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे, डिंडोरी 21नवंबर:- भोपाल में आयोजित 7वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में डिंडोरी जिले के सात खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। 18 से 20 नवंबर तक LNCT यूनिवर्सिटी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य भारत की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। टीम की इस सफलता में डिंडोरी के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इंडियन कबड्डी फेडरेशन के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। दिल्ली, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के खिलाड़ियों ने मैदान में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मध्य भारत की जूनियर कबड्डी टीम की ओर से डिंडोरी जिले के कमलेश मार्को, भूपेंद्र सैयाम, विकास सोनवानी, अनुराज यादव, गजेंद्र वरकड़े, लुकेश धूमकेती एवं अरमाननाथ परिहार ने सहभागिता की। इन खिलाड़ियों ने सीनियर खिलाड़ी राम मरावी के साथ मध्य भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले तक पहुंची मध्य भारत की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया और अंततः दूसरा स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जिले के सात खिलाड़ियों की सहभागिता और टीम की इस उपलब्धि को डिंडोरी के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नियमित प्रशिक्षण से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची प्रतिभाएं
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में चेतराम अहिरवार के विशेष प्रयासों से सामुदायिक भवन, साकेत नगर में बालक-बालिकाओं को नियमित रूप से कबड्डी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला कबड्डी संघ डिंडोरी के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास के परिणामस्वरूप जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दी बधाई
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर डिंडोरी विधायक ओमकार मरकाम, शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर, खेल अधिकारी मोहम्मद अहमद, आरती सोंधिया, लक्ष्मी बनावल, सुनीता धुर्वे एवं संतोषी यादव सहित सीनियर खिलाड़ियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
सभी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे भी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ खेल जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता से जिले के युवा खिलाड़ियों में भी खेलों के प्रति उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।


