
गोवा से प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है मानसून,15 जून तक प्रदेश में सक्रिय होने की संभावना
आज छत्तीसगढ़ पहुंचा मानसून,15 को भोपाल में देगा दस्तक
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 11 जून 2020, मध्यप्रदेश में मानसून की बारिश जल्दी ही शुरू हो सकती है। समुद्र से पानी भरकर आने वाले बादल गोवा से मध्य प्रदेश की तरफ आते दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जून को मानसून के बादल छत्तीसगढ़ पहुंच चुके हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 15 जून को इनके पहुंचने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों की भाषा में मानसून की उत्तरी सीमा ( एन एल एम) 11 जून को हरनई, सोलापुर रामगुंडम, जगदलपुर गोपालपुर, अगरतला और तेजपुर तक पहुंच गई है।
महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में शुरू हो सकती है मानसून की बारिश
बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के प्रभाव से मानसून काफी अच्छी प्रगति कर रहा है। इसी सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ-साथ एक तरफ दक्षिण भारत में मानसून बढ़ते जा रहे हैं, दूसरी ओर मध्य भारत में मानसून प्रगति कर रहा है। स्काईमेट के वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मुंबई समेत महाराष्ट्र के कुछ और भागों में तथा कोलकाता पश्चिम बंगाल में अगले 24 से 48 घंटे में मानसून दस्तक दे सकता है। मानसून के आगे बढ़ने के साथ देश के कई इलाकों में बारिश भी तेज हो सकती है।
बिहार और झारखंड में जल्दी होगी बरसात
पूर्वी भारत में मानसून जल्द ही पश्चिम बंगाल को पार करते हुए उड़ीसा के कुछ और दूसरे हिस्सों को कवर करते हुए बिहार तथा झारखंड में भी जल्द ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मानसून के सामान्य समय पर आगमन की संभावना व्यक्त की जा रही है।