
प्रदेश सरकार किसानों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजना संचालित कर रही है: जिला पंचायत अध्यक्ष
जनपथ टुडे, डिंडौरी, 30 जनवरी 2021, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों की चिंता करते हुए उनके हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रहे हैं। प्रदेश में किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि और मुख्यमंत्री सम्मान निधि के तहत दस हजार रूपए प्रदान किये जाते हैं। जिससे खेती को लाभ का धंधा बनाया जा सके। जिला पंचायत अध्यक्ष शनिवार को प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 20 लाख किसानों को 400 करोड़ रूपए का हितलाभ वितरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा कन्यापूजन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को संबोधित किया। सागर जिले में आयोजित कार्यक्रम का एलईडी के माध्यम से लाईव प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष, जनपद पंचायत डिंडौरी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, उप संचालक कृषि सहित जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।