
मैया अभियान ने पकड़ी रफ्तार, कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया के साथ नर्मदा सफाई के लिए उमड़ रहा जन सैलाब
कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया के साथ नर्मदा सफाई के लिए उमड़ रहा जन सैलाब
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 3 मई 2026- डिंडौरी में नर्मदा स्वच्छता को लेकर एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है,जहां “मैया अभियान” के तहत नर्मदा तट पर जनभागीदारी के साथ भव्य सफाई अभियान चलाया गया । शंकर घाट पर अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया,खास बात यह रही कि कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया स्वयं टोकरी उठाकर सफाई करती नजर आईं।

रविवार को डिंडौरी के शंकर घाट पर नर्मदा सफाई अभियान के तहत जनसैलाब उमड़ पड़ा ।“मैया अभियान” में प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर स्थानीय नागरिकों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।किसी ने झाड़ू संभाली, किसी ने कचरा उठाया, तो कुछ लोग नदी में उतरकर गंदगी बाहर निकालते दिखाई दिए।
कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने की आम लोगों से अपील
इस दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया…
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे शहर और गांव की साफ-सफाई में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं।कलेक्टर ने बताया कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है,बल्कि इसका उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना है ताकि मां नर्मदा सदैव स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनी रहें।
अभियान में एसडीएम राम बाबू देवांगन, संयुक्त कलेक्टर भारती मरावी,सीएमओ अमित तिवारी सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवकों ने सहभागिता निभाई।
नर्मदा स्वच्छता के लिए प्रशासन और जनता की यह साझेदारी डिंडौरी में जनभागीदारी आधारित विकास और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन रही है।

