
डिंडोरी जिला चिकित्सालय में जल्द बनेगा रैन बसेरा, मरीजों के परिजनों को मिलेगी बड़ी राहत
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिब
जनपथ टुडे डिंडोरी 23 मई :— जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके साथ रहने वाले परिजनों के लिए एक सुखद खबर है। अस्पताल परिसर में अब मरीजों के साथ आने वाले परिजनों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले आगंतुकों की सुविधा के लिए ‘रैन बसेरा’ का निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है।
जनहित में लिया गया निर्णय
लंबे समय से स्थानीय जनमानस द्वारा अस्पताल परिसर में परिजनों के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था की मांग की जा रही थी। आम लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के कुशल निर्देशन में इस परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

अधिकारियों ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण
शुक्रवार को एसडीएम रामबाबू देवांगन ने जिला चिकित्सालय परिसर का दौरा किया और प्रस्तावित रैन बसेरे के निर्माण स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिविल सर्जन, मुख्य नगर परिषद अधिकारी अमित तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य की रूपरेखा पर मंथन करते हुए इस बात पर जोर दिया कि रैन बसेरा ऐसी सुविधाओं से लैस हो जिससे मरीजों के परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन का मानना है कि रैन बसेरे के निर्माण से अस्पताल में आने वाले लोगों को खुले आसमान के नीचे या अस्पताल की गलियारों में रात बिताने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी।



