
तीन माह से नल जल योजना बंद, ग्रामीणों ने किया अमरकंटक हाईवे कनई सांग तिराहा पर चक्का जाम

शिकायत के बाद किसी ने सुध नहीं ली तो खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतर आए
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 19 जून 2026 – जिला मुख्यालय की नजदीकी ग्राम पंचायत कनईसांगवा के ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह पेयजल सहित निस्तार के पानी की समस्या को लेकर डिंडौरी से अमरकंटक हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।
3 माह से नलजल योजना बंद – आसपास के गांव से भी पानी ला रहे ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन माह से नल जल योजना बंद होने के चलते उन्हें पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीण आसपास के गांव से भी पानी ढोने मजबूर है।
नहीं सुनते अधिकारी इसलिए किया चका जाम
पंचायत सहित विभागीय जिम्मेदारों को शिकायत करने के बाद जब किसी ने सुध नहीं ली तो गुस्साए ग्रामीण शुक्रवार की सुबह लगभग 9:30 बजे घरों से खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतर आए और डिंडौरी से अमरकंटक मार्ग में ग्राम कनईसांगवा तिराहा पर चक्का जाम कर दिया।
दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतार
चक्का जाम की खबर लगते ही कोतवाली पुलिस, यातायात अमला सहित नायब तहसील दार भी मौके पर पहुंच गए मौके पर पहुंचे अधिकारियों के द्वारा ग्रामीणों को समझाइए दी गई। इस दौरान मार्ग के दोनों तरफ छोटे बड़े वाहनों का जमावड़ा लग गया ।
पीएचई अधिकारियों की समझाइस के बाद माने ग्रामीण
ग्रामीणों को पेयजल की समस्या को देखते हुए पीएचई विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। अधिकारियों की माने तो ग्रीष्मकल के चलते उपलब्ध हैंडपंपों में वाटर लेवल कम हो गया जिसके चलते पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। इसके अलावा नल जल योजना में कुछ कमियां थी जिसे सुधार कार्य के लिए ग्राम पंचायत को तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई है। नए नलकूप खनन के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है और शीघ्र ही इस प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। अधिकारियों की समझाइस इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम का रास्ता छोड़ दिया।

