
राजस्व विभाग डिंडोरी की अनूठी पहल: ‘कृषक भाईचारा अभियान’ शुरू – एक संवाद, एक विश्वास, एक बेहतर कल की सोच के साथ किसानों को जोड़ने का प्रयास
राजस्व विभाग डिंडोरी की अनूठी पहल: ‘कृषक भाईचारा अभियान’ शुरू
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 18 जुलाई 2026 – जिले के राजस्व विभाग द्वारा किसानों के बीच आपसी संवाद, विश्वास और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “कृषक भाईचारा अभियान” प्रारंभ किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, राजस्व संबंधी विवादों का समय पर निराकरण करना तथा गांवों में भाईचारे और सौहार्द का वातावरण विकसित करना है।
अभियान के तहत राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद करेंगे। उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही भूमि, सीमांकन, नामांतरण एवं अन्य राजस्व मामलों से जुड़े विवादों के समाधान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान का संदेश है कि “सरकारी योजना नहीं होगी अनजान, विवाद रहित, खुशहाल किसान।” विभाग का मानना है कि जब किसान जागरूक होंगे और आपसी संवाद बढ़ेगा, तब शासकीय योजनाओं का लाभ भी समय पर मिलेगा तथा अनावश्यक विवादों में कमी आएगी।
राजस्व विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता करें, अपनी समस्याओं को खुलकर रखें तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
विस्तृत जानकारी के लिए पीडीएफ डाउनलोड कर समय तारीख और कार्यक्रम स्थलों की जानकारी प्राप्त करें।



