खाद की बोरियों के नीचे छिपी थी शराब की खेप, पिकअप पलटने से खुली तस्करी की पोल; 1500 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Listen to this article

खाद की बोरियों के नीचे छिपी थी शराब की खेप, पिकअप पलटने से खुली तस्करी की पोल; 1500 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

संपादक प्रकाश मिश्रा

जनपथ टुडे डिंडोरी 1 अगस्त 2026- जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात एक पिकअप वाहन पलटने से अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का लखुलासा हुआ। खाद की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करीब 1500 लीटर अंग्रेजी शराब पुलिस ने ओजब्त कर ली। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन मालिक और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

विक्की ढाबे के पास पलटा वाहन, खुला तस्करी का राज

घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे विक्की ढाबे के पास हुई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस पहले से सतर्क थी। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन (MP 20 ZB 4257) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और पिकअप पलट गई। हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेज खान, निवासी हनुमान ताल, जबलपुर के रूप में हुई है।

खाद की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब

थाना प्रभारी अनुराग जामदार के अनुसार, पिकअप वाहन में ऊपर से खाद की बोरियां लदी थीं। तलाशी लेने पर बोरियों के नीचे विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब शहडोल से जबलपुर ले जाई जा रही थी।

नंबर प्लेट से की गई थी छेड़छाड़

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तस्करों ने वाहन की पहचान छिपाने के उद्देश्य से नंबर प्लेट के कुछ अंक मिटा दिए थे, ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके। इसके बावजूद पुलिस ने वाहन और आरोपी को कब्जे में लेकर पूरी खेप जब्त कर ली।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के आधार पर वाहन मालिक और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह संगठित शराब तस्करी गिरोह का मामला हो सकता है और जांच के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000