
ऑक्सीजन की कथित कमी से हुई युवक की मौत के विरोध में NSUI का प्रदर्शन
✍️ उपसंपादक: मोहम्मद साहिबे आलम
जनपथ टुडे, डिंडौरी 2 अगस्त
मंडला में ऑक्सीजन की कथित कमी के कारण एक युवक की मौत के विरोध में शनिवार को डिंडौरी में राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग की। उनका कहना था कि अस्पतालों में जीवनरक्षक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और ऐसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया और घटना के दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करेगा। उन्होंने अस्पतालों में ऑक्सीजन सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।



