
कलेक्टर ने 59 आवेदनों पर सुनीं समस्याएं, दिए त्वरित निराकरण के निर्देश; आवेदकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिबेआलम
जनपथ टुडे डिंडोरी 04 अगस्त:- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में 59 आवेदनों पर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई में पेयजल, अवैध कब्जा, सड़क, बिजली, मजदूरी भुगतान, आम रास्ता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, छात्रवृत्ति तथा अधूरे विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निराकरण के सख्त निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आवेदकों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण
जनसुनवाई के दौरान आए सभी आवेदकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), मधुमेह (शुगर) सहित अन्य आवश्यक जांचें कीं और डॉक्टरी परामर्श दिया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों का निपटारा कर आवेदकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

