
करंजिया सरपंच संघ ने की सहायक यंत्री को कार्यमुक्त करने की मांग तेज – 5 अगस्त को जनपद पंचायत और 6 अगस्त को कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,

तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना व सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे, डिंडौरी 6 अगस्त 2026- जनपद पंचायत करंजिया के सरपंच संघ ने सहायक यंत्री कशिश नायक को कार्यमुक्त किए जाने की मांग को लेकर प्रशासन के समक्ष मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में सरपंच संघ ने पहले 5 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत करंजिया में ज्ञापन सौंपा तथा इसके बाद 6 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम लिखित ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में सरपंच संघ ने उल्लेख किया है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल द्वारा 15 जून 2026 को संबंधित सहायक यंत्री का स्थानांतरण डिंडौरी से जबलपुर संभाग किए जाने का आदेश जारी किया गया था। संघ का आरोप है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संबंधित अधिकारी अभी तक करंजिया जनपद पंचायत में पदस्थ हैं और उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया है।
सरपंच संघ ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारी के व्यवहार और कार्यप्रणाली के कारण पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में कुछ गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की गई है।
सरपंच संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि तीन दिवस के भीतर संबंधित सहायक यंत्री को कार्यमुक्त नहीं किया गया तो चौथे दिन से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। साथ ही मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में सभी सरपंचों द्वारा सामूहिक इस्तीफा देने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासनिक कार्रवाई और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
