
कोतवाली पुलिस ने किया हत्या कांड का खुलासा – चंद रुपयों के विवाद में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, पति गिरफ्तार- पोस्टमार्टम में तिल्ली फटने से मौत की पुष्टि
कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 6 अगस्त 2026- कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी बिछिया गांव में हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू खर्च के लिए मिले ₹1000 को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
डिंडोरी पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को हरछट बनवासी की सूचना पर बड़ी बिछिया निवासी रामकली बनवासी की संदिग्ध मृत्यु के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पंचनामा और परिजनों सहित आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी डिंडोरी के निर्देशन में थाना कोतवाली की विशेष टीम गठित कर मामले की हर पहलू से जांच की गई। विवेचना में सामने आया कि मृतका के पुत्र सोनू बनवासी ने घरेलू खर्च के लिए अपनी मां को ₹1000 दिए थे। इसी राशि को लेकर मृतका के पति पप्पू बनवासी ने पैसे मांगे, लेकिन रामकली ने पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर 3 अगस्त की रात करीब 8 बजे आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण तिल्ली (स्प्लीन) फटने से हुआ अंदरूनी रक्तस्राव बताया गया। साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी पप्पू बनवासी के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने 6 अगस्त 2026 को आरोपी पप्पू बनवासी, पिता स्वर्गीय विशाल बनवासी, निवासी बड़ी बिछिया को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इनकी रही विशेष भूमिका
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे, उपनिरीक्षक बी.एल. बरकड़े, सहायक उपनिरीक्षक शेख सिराज तथा प्रधान आरक्षक जितेंद्र ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


