गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र का लोक उत्सव “भारत पर्व” का आयोजन हुआ

Listen to this article


जनपथ टुडे, डिंडोरी, 26 जनवरी 2022, (प्रकाश मिश्रा) गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित किया गया। भारत पर्व का शुभारंभ मां सरस्वती जी की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित कर किया गया। मंच पर आसीन कन्याओं के पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई।


भारत पर्व कार्यक्रम की शुरुआत पर स्थानीय गायक गिरीश सोनी और उनके उनके साथियों के द्वारा नर्मदा अष्टक का गायन किया गया। इसके बाद देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति भी स्थानीय कलाकारो के द्वारा कार्यक्रम में दी गई। गोंड़ी कला और संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए गोंड़ी नृत्य, गेंडी नृत्य ने भी कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों का मन मोहा।

पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने गाया देश भक्ति गीत

गणतंत्र दिवस की संध्या पर आयोजित भारत पर्व में जिले के पुलिस कप्तान संजय सिंह ने भी देश भक्ति गीत “यह देश है वीर जवानों का अलबेलों का मस्तानों का” की प्रस्तुति दी। पुलिसिया रूतबे से हटकर संगीत में रुचि एवं कार्यक्रमों में सहभागिता के इस रूप की उपस्थित दर्शकों ने सराहना की।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया विकास प्रदर्शनी का अवलोकन

भारत पर्व के अवसर पर विकास प्रदर्शनी लगाई गई जिसकी शुरुआत नगर परिषद के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता महेश पारासर, अशोक अवधिया, पूर्व विधायक दुलीचंद उरेती ने फीता काटकर किया। डिंडोरी विधायक ओमकार मरकाम ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले लोक कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। भारत पर्व के कार्यक्रम के साथ ही लगाई गई विकास प्रदर्शनी में डिंडोरी एसडीएम बलवीर रमन, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, डिंडोरी तहसीलदार विशन सिंह ठाकुर सहित जिले के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिन्होंने विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित करने वाली झांकियों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ शिक्षक राजेश परस्ते ने किया। कार्यक्रम के संचालन के दौरान उनके द्वारा प्रस्तुत की गई सरस्वती वंदना ने सभी दर्शकों का मन मोहा।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000