आम जनता चाहती है बदलाव, आम आदमी पार्टी ही एकमात्र विकल्प – पंकज राय

Listen to this article

जिला मुख्यालय में आम आदमी पार्टी का शक्ति प्रदर्शन विशाल रैली और जनसभा आयोजित

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 1 मई 2022, (प्रकाश मिश्रा) देश के दो बड़े राज्यों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी अब मध्यप्रदेश में भी अपनी जमीन तलाश रही है। आम आदमी पार्टी की विचारधारा तथा संगठन को कोने कोने तक पहुंचाने की दिशा में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज राय पूरी ताकत के साथ आम जनता के बीच पहुंच रहे हैं और पार्टी की नीतियों और कार्यप्रणाली को आम जनता के सामने रख रहे हैं।

इसी क्रम में डिंडोरी जिला मुख्यालय में भी 1 मई दिन रविवार को आम आदमी पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए विशाल रैली आयोजित कि जिसमें जिले के सभी विकास खंडों से बड़ी संख्या में लोग सम्मिलित हुए। रैली के बाद मुख्य बस स्टैंड पर विशाल जनसभा का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष पंकज राय के नेतृत्व में किया गया। मंच से आम जनता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र एवं राज्य में काबिज भाजपा की सरकार को महंगाई, बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार के मुद्दों पर घेरते हुए कहा कि आम जनता इनके झूठे वादों से तंग आ चुकी है। प्रदेश में 15 महीने की कांग्रेस सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज राय ने कहा कि कांग्रेस के बिकाऊ विधायकों की बदौलत ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार जिसे आम जनता ने आम चुनाव में नकार दिया था एक बार फिर सत्ता में काबिज हो गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि वह प्रदेश के लगभग 40 जिलों में रैलियों और जनसभाओं के माध्यम से आम जनता से मुलाकात कर चुके हैं। आम जनता का मन टटोलने के बाद उन्हें लगता है कि आम जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस और भाजपा के चंगुल से बाहर आने के लिए छटपटा रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आम जनता के सामने एक मात्र विकल्प अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी है जो जनता के लिए संघर्ष करने को तैयार है। आम जनता को मंच के माध्यम से संदेश देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े और आगामी समय में आने वाले नगर निकाय के चुनाव विधानसभा के चुनाव में सच्चाई का साथ देते हुए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि चुने।

आसान नही होगी राह

फिलहाल मध्यप्रदेश में पिछले 15 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार काबिज है। ऐसी स्थिति में आम आदमी पार्टी के लिए प्रदेश में अपना स्थान बनाने तथा आम जनता के बीच में अपनी पकड़ मजबूत करना इतना आसान नहीं होगा। किन्तु पार्टी ने प्रदेश में तेजी से अपने संगठन की खड़ा करना शुरू कर दिया है और लोगों तक पहुंचने के प्रयास प्रदेश स्तर के पदाधिकारी कर रहे है।

प्रदेशाध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता

सभा कार्यक्रम के बाद सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक रेस्ट हाउस में आयोजित की गई,पंकज सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी के नीतियों और विस्तार के पूरी तरह समर्पित होना चाहिए ,उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकार्ताओं को सुझाव दिया हैं,इस दौरान आधा सैकड़ा से अधिक लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी को मजबूत करने के लिए संकल्प लिया है। इस दौरान भारी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे हैं।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000