शिक्षक दिवस पर Model College में शिक्षकों का हुआ सम्मान

Listen to this article

पदमश्री अर्जुन सिंह हुये शामिल

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 6 सितंबर 2022, देश के पूर्व राष्ट्रपति और प्रख्यात शिक्षक भारतीय संस्कृति के संवाहक डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म दिवस शासकीय आदर्श महाविद्यालय डिंडोरी में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पदमश्री अर्जुन सिंह धुर्वे और सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. प्रताप सिंह चंदेल विशेष अतिथि के रुप में शामिल हुये। जिनका सम्मान महाविद्यालय द्वारा किया गया।

गौरतलब है कि पेशे से शिक्षक अर्जुन सिंह धुर्वे को आदिवासी नृत्य कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर वर्ष 2022 में पदमश्री से नवाजा गया है। श्री धुर्वे का संस्था के प्राचार्य डॉ. सुल्तान सिंह धुर्वे द्वारा शाल, श्रीफल व पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। वहीँ डॉ. प्रताप सिंह चंदेल को वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हीरा सिंह जामोद द्वारा श्रीफल, शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।

इस दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सभी प्राध्यापकों का श्रीफल, पुष्प गुच्छ द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत संस्था के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों द्वारा पुष्प भेंट कर किया गया। बताया गया कि पदमश्री अर्जुन सिंह धुर्वे को परधोनी नृत्य को मरणासन्न से जीवंत बनाने का श्रेय प्राप्त है। जबकि डॉ. प्रताप सिंह चंदेल ने शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय में सेवा के दौरान हिंदी साहित्य की कई रचना, पुस्तकें लिखी हैं। इसके साथ ही श्री चंदेल देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में रिव्यू कोर्स कर चुके हैं और साथ ही कई पत्र-पत्रिकाओं का संपादन लेखन, इत्यादि कार्य उनके द्वारा किया गया है। जिले को देश और विदेश में विशेष पहचान दिलाने वाले दौनो शिक्षकों के सम्मान कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा गीत, भाषण, नाटक, नृत्य की प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर पदमश्री अर्जुन सिंह धुर्वे ने विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने का मंत्र बतलाते हुये कहा कामयाबी पाने के लिये निरंतर कोशिश जरूरी है। वहीं पीएस चंदेल द्वारा हिंदी साहित्य के माध्यम से लोक संस्कृति को बचाने और संवारने पर बल दिया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बाघा बॉर्डर की मिट्टी व श्री रामचरितमानस भेंट की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर सुरेंद्र लिल्हारे व मूलचंद साहू द्वारा किया गया। कार्यक्रम प्रभारी डॉक्टर अनुपम सिंह बघेल, डॉक्टर एमडी चंदेल रहे हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक व विद्यार्थी उपस्थित रहे। डॉक्टर हीरा सिंह जामोद द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000