
कमलनाथ ने सोनिया गांधी से मुलाकात की
सोनिया गांधी ने मंत्रिमंडल के विस्तार और निगम मंडलों की नियुक्ति दी हरी झंडी
कांग्रेस के कुछ और विधायकों के लापता होने की सूचना, फोन बंद,
जनपथ टुडे, ड्स,मार्च 09, 2020,
भोपाल/नई दिल्ली. मध्य प्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष से कई मसलों पर चर्चा हुई है। उनका मार्गदर्शन मिला है, उसका पालन करूंगा। कमलनाथ ने कहा- जब कांग्रेस अध्यक्ष से मिलते हैं तो कई मुद्दों पर चर्चा होती है। पत्रकारों ने जब उनसे कहा कि कांग्रेस के कई विधायक हरियाणा और बेंगलुरू में मिले तो इस पर कमलनाथ ने कहा- कांग्रेस में कोई अंदरुनी कलह नहीं है। सभी विधायक लौट आए हैं और उन्होंने बताया है कि वह तीर्थयात्रा पर गए थे। इधर, दोपहर बाद अचानक खबर आई है कि सिंधिया खेमे के विधायक और कुछ मंत्री भी भूमिगत हो गए हैं, जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। मंत्रियों में श्रममंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और तुलसी सिलावट शामिल हैं। वहीं मुख्यमंत्री कमलनाथ भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं और कुछ देर में एयरपोर्ट पहुंचने वाले हैं।
चर्चा है कि सोनिया ने कमलनाथ को मंत्रिमंडल का विस्तार करने और निगम मंडलों में नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। वहीं संगठन में फेरबदल की संभावनाएं भी हैं। खबर है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया भी दिल्ली में मौजूद हैं। सिंधिया के दिल्ली में होने की वजह से सिंधिया खेमे से जुड़े विधायकों के भी दिल्ली पहुंचने की खबर है। इन विधायकों का दिल्ली में जमावड़ा सिंधिया को समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। इसमें पांच दिन से गायब रघुराज कंषाना भी शामिल हैं। वहीं दिग्विजय सिंह भोपाल में ही हैं।
कांग्रेस के कुछ और विधायकों के लापता होने की सूचना
इधर, प्रदेश में सियासी संकट थम नहीं रहा है। जहां कांग्रेस नेतृत्व रूठे विधायकों को मनाने में लगा है, वहीं अब ऐसी भी खबरें आ रही हैं कि कुछ और कांग्रेस विधायक रविवार रात से लापता हैं और कांग्रेस नेतृत्व का संपर्क नहीं हो पा रहा है। जबकि कुछ विधायकों ने अपने सरकारी सुरक्षाकर्मी भी लौटा दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस में इसे लेकर हड़कंप मचा हुआ है। लापता विधायकों की जानकारी जुटाई जा रही है और उनसे संपर्क की कोशिश की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि ये विधायक बेंगलुरू पहुंच गए हैं, इसमें सिंधिया खेमे के कुछ मंत्री भी भूमिगत हो गए हैं, जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
9 विधायकों की सुरक्षा बदली, लेकिन वापस नहीं किए पीएसओ
विधायकों की सुरक्षा को लेकर राजभवन ने पुलिस मुख्यालय से स्पष्टीकरण मांगा था। पीएचक्यू ने कहा कि 9 विधायकों की सुरक्षा बदली है। अब तक किसी भी विधायक ने सुरक्षा वापस नहीं की है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक विधायक ओपीएस भदौरिया, जसवंत जाटव के मोबाइल बंद बताए जा रहे हैं और इमरती देवी के ग्वालियर में होने की सूचना मिली है। कुछ और कांग्रेस विधायक हैं, जिसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।