
दोपहिया वाहन चालको को बिना हेलमेट नही मिलेगा पेट्रोल- कलेक्टर, SP ने किया निशुल्क हेलमेट वितरण
संपादक प्रकाश मिश्रा 8963976785
जनपथ टुडे डिण्डौरी 1 फरवरी 2026- जिले के कस्बाई इलाकों सहित मुख्य मार्गों पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं ने जिला प्रशासन को चिंतित कर दिया है। अक्सर देखा जा रहा है कि दो पहिया वाहन चालकों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने तथा हताहत होने की सूचना मिलती रहती है । दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला पुलिस , यातायात और जिला प्रशासन ने एक संयुक्त अभियान चलते हुए दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट का उपयोग अनिवार्य कर दिया है।
बिना हेलमेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल- कलेक्टर
जिला कलेक्टर ने दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिना हेलमेट पहने वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिए जाने के निर्देश जारी किए हैं। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को कड़ी हिदायत दी गई है कि हेलमेट के बिना वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाए । इसके साथ ही नियमों के कठोरता से पालन करवाने की जिम्मेदारी एसडीएम और तहसीलदार जैसे प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई है।
निशुल्क हेलमेट का किया गया वितरण
जिला मुख्यालय के रानी अवंती बाई चौराहे में कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया, पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह जिला पुलिस और यातायात विभाग के साथ जरूरतमंदों को निशुल्क हेलमेट का वितरण किया। हेलमेट वितरण के इस अभिनव प्रयोग में अशासकीय संस्थाओं का सहयोग विशेष तौर पर सराहनीय रहा। हेलमेट बांटे जाने की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालकों की भीड़ अवंती बाई चौराहे पर देखी गई।
पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने संभाला मोर्चा
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जिले भर में विशेष जागरूकता अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जारी है स्कूलों और कॉलेज में यातायात विभाग के द्वारा छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से यातायात के नियमों की जानकारी दी जा रही है। रविवार की दोपहर पुलिस अधीक्षक ने निशुल्क हेलमेट वितरण का कार्य स्वयं उपस्थित होकर कराया । दो पहिया वाहन चालकों में से जरूरतमंदों को चिन्हित करते हुए उनके वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई इसके उपरांत उन्हें निशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने बताया कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है और यह विकासखंड मुख्यालय के साथ-साथ अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार जारी रहेगा।




