
डॉ गीता सिंह ने बढ़ाया जिले का गौरव – बेस्ट केवीके साइंटिस्ट अवॉर्ड से सम्मानित
संपादक प्रकाश मिश्रा 8963976785
जनपथ टुडे डिण्डौरी 1 फरवरी 2026 – जवाहरलाल नेहरू कृषि कृषि विज्ञान केंद्र डिंडोरी में वैज्ञानिक पद पर पदस्थ डॉ गीता सिंह को इंडियन सोसाइटी ऑफ एक्सटेंशन एजुकेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार 2026 में बेस्ट केवीके साइंटिस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
ज्ञात हो कि इंडियन सोसाइटी ऑफ एक्सटेंशन एजुकेशन, नई दिल्ली द्वारा मीरामार गोवा में तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार “डिजिटल टेक्नोलॉजिस फॉर सस्टेनेबल फूड सिस्टम एंड आत्मनिर्भर भारत” पर दिनांक 29 से 31 जनवरी 2026 के दौरान किया गया था। जिसमें 23 राज्यों के 150 से अधिक कृषि वैज्ञानिक एवं शोधार्थी सम्मिलित हुए एवं कृषि क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों एवं शोध का प्रस्तुतिकरण किया गया। सेमिनार में विभिन्न राज्यों से उत्तम कार्य करने वाले कृषि वैज्ञानिकों को पुरस्कृत किया गया।

उल्लेखनीय है कि कृषि विज्ञान केंद्र डिंडोरी की कृषि विस्तार वैज्ञानिक डॉ गीता सिंह को उत्कृष्ट वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। डॉ गीता सिंह को यह पुरस्कार गहन , उद्देयपरख मूल्यांकन एवं स्कोरिंग प्रक्रिया के पश्चात सोसाइटी पुरस्कार कमेटी द्वारा सुनिश्चित हुआ। डॉ गीता सिंह द्वारा कृषकों में मज़बूत सूचना तंत्र स्थापित करने, उन्नत कृषि तकनीकी के प्रसार, प्राकृतिक खेती के विस्तार एवं अन्य कृषक हितैषी योजनाओं हेतु जागरूकता गतिविधियों के क्रियान्वयन एवं संचालन हेतु प्रदान किया गया। आपके द्वारा लिखित शोध पत्र नास रेटेड रिसर्च जर्नल में 11, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रिसर्च जर्नल में 18 शोध पत्र साथ ही 4 प्रोसिडिंग पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त 45 रिसर्च सारांश, 300 से अधिक कृषि आलेख, 12 तकनीकी बुलेटिन, 10 प्रशिक्षण बुकलेट, 2 कृषि पुस्तकें, 8 बुक चैप्टर प्रकाशित किए जा चुके हैं। डिंडोरी से प्रकाशित त्रैमासिक कृषि पत्रिका के सफलतम 18 वर्षों में 74 अंकों के प्रकाशन की महत्वपूर्ण उपलब्धि इस दिशा में मील का पत्थर साबित हुई है। विभिन्न मंचों पर 200 से अधिक व्याख्यान , कई आकाशवाणी एवं दूरदर्शन वार्ताएं दी जा चुकी हैं।
यह सम्मान पुरस्कार उन्हें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के वरिष्ठ जनों एवं सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ यू एस गौतम के कर कमलों द्वारा प्रदान किया गया।


