
न्यायालय, पुलिस और प्रशासन एक ही माला के मोती – कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया

अभियोजन अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 15 मार्च 2026 – मीडिया सेल प्रभारी मनोज कुमार वर्मा, अभियोजन अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार संचालक, लोक अभियोजन संचालनालय म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 15 मार्च 2026 को नेचर कोर्टयार्ड, बायपास रोड डिण्डौरी में अभियोजन अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में अभियोजन अधिकारियों के न्यायालयीन कार्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही एससी/एसटी एक्ट, पॉकसो एक्ट एवं अन्य महत्वपूर्ण अधिनियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यशाला में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी जैसे डीएसपी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सब-इंस्पेक्टर, आरक्षक एवं महिला आरक्षक सहित अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

न्यायालय, पुलिस और प्रशासन एक ही माला के मोती – कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि न्यायालय, पुलिस और प्रशासन एक ही माला के मोती हैं तथा इन तीनों विभागों के समन्वय से ही समाज में न्याय व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने एससी/एसटी एक्ट एवं पॉकसो एक्ट के प्रकरणों में संवेदनशीलता, विश्वास और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और सेना की वर्दी का समाज में विशेष सम्मान है और उस सम्मान को बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन एक ही गाड़ी के दो पहिए हैं, जो आपसी समन्वय से समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

न्यायाधीश कमलेश कुमार सोनी ने किया संबोधित
कार्यक्रम में उपस्थित तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश कमलेश कुमार सोनी ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए पॉकसो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट के मामलों को गंभीरता के साथ पूर्ण विधिक प्रक्रिया के अनुसार संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को सजा न मिले, भले ही कभी-कभी अपराधी बच जाए, परंतु निर्दोष को दंडित न किया जाए। इसी सोच के साथ न्यायालय अत्यंत सावधानीपूर्वक निर्णय करता है।
इनकी रही उपस्थिति विशेष
इस अवसर पर तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश कमलेश कुमार सोनी, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, प्रभारी सहायक निदेशक मनोज कुमार वर्मा, एडीपीओ लक्ष्मीनारायण साहू, प्रमोद कुमार पटेल, कमलेश कुमार पटले, निहाल टेकाम, एसडीओपी डिण्डौरी सतीश द्विवेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


