
मातृभूमि की रक्षा की लिए रानी अवंतीबाई का बलिदान सदियों तक रहेगा अविस्मरणीय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

रानी अवंतीबाई बलिदान दिवस पर डिंडोरी के बालपुर में आयोजित हुआ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से किया संबोधित
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 20 मार्च, 2026 – देश की स्वतंत्रता मैं अपने प्राणों का बलिदान देने वाली वीरांगना रानी अवंती बाई का बलिदान दिवस बड़े धूमधाम से बालपुर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने( वर्चुअल) वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सभा को संबोधित किया उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वीरांगनाओं की धरती है। रानी दुर्गावती से लेकर रानी कमलापति और रानी अवंतीबाई तक हमारी लोकनायिकाओं और वीरांगनाओं ने विदेशी आक्रांताओं के छक्के छुड़ा दिए थे। मातृभूमि की रक्षा के लिए रानी अवंतीबाई ने जो बलिदान दिया, वह सदियों-सदियों तक अविस्मरणीय रहेगा।
गेड़ी नृत्य से किया सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का स्वागत
वीरांगना रानी अवंती बाई मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा गेड़ी नृत्य दल के माध्यम से पारंपरिक एवं आकर्षक प्रस्तुति के साथ स्वागत किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा रानी अवंती बाई की समाधि स्थल एवं प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रृद्धांजली के साथ नमन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पलकी निवासी कुमारी सुरक्षा ठाकुर को वीरांगना रानी अवंती बाई का रूप देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। संपूर्ण आयोजन देशभक्ति, गौरव एवं सांस्कृतिक रंगों से ओत-प्रोत रहा, जिसने वीरांगना रानी अवंती बाई के अदम्य साहस एवं बलिदान की स्मृतियों को पुनर्जीवित किया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई का जीवन साहस, त्याग और देशभक्ति की अनुपम मिसाल है। उन्होंने कहा कि हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में जागरूकता, शिक्षा और विकास की दिशा में कार्य करना चाहिए।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा – वीरांगना रानी अवंती बाई ने देश माटी, भूमि की रक्षा के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपने अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार रानी अवंती बाई के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ग्राम बालपुर में इस सुंदर स्थान पर हमेशा समाज के लोगों के द्वारा शादी एवं अन्य शुभ कार्यक्रम किए जाएं यदि मेरी जरूरत पडती है तो मैं सहयोग करने के लिए तत्पर रहूंगा।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने उद्बोधन में कहा कि – वीरांगना रानी अवंती बाई का बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर अद्वितीय साहस का परिचय दिया। सांसद ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करें तथा उनके आदर्शों को सदैव स्मरण रखें।
कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष श्रीमती आशा सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्योहार, जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, ज्ञानदीप त्रिपाठी, जनपद सदस्य श्रीमती कीर्ति गुप्ता, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती नरबदिया मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरा रुद्रेश परस्ते, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, वरिष्ट कार्यकर्ता राजेंद्र पाठक, अखिल भारतीय लोधी महासभा के प्रदेश सचिव मनोहर ठाकुर सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ अशोक सोलंकी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडोरी सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, शशांक शेंडे सहित समस्त जिला अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।



