
राजस्व विभाग डिण्डोरी का शानदार प्रदर्शन, सीएम हेल्पलाइन निराकरण में प्रदेश में मिला तीसरा स्थान
फरवरी माह में 88.27% वेटेज स्कोर, त्वरित निराकरण और सुदृढ़ मॉनिटरिंग का परिणाम
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 22 मार्च 2026 – कलेक्टर श्रीमती अंजू भदोरिया के मार्गदर्शन एवं अपर कलेक्टर जे.पी. यादव के निर्देशन में राजस्व विभाग डिण्डोरी द्वारा उत्कृष्ट कार्य करते हुए सीएम हेल्पलाइन में राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया गया है। जिले ने फरवरी माह में कुल 88.27 प्रतिशत वेटेज स्कोर हासिल कर प्रदेश में अपनी मजबूत प्रशासनिक कार्यशैली का प्रदर्शन किया है।
प्राप्त उपलब्धि प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग, समयबद्ध निराकरण एवं शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा, फील्ड स्तर पर सक्रियता एवं नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के कारण यह सफलता संभव हो सकी है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी राजस्व अधिकारियों एवं मैदानी अमले के समर्पण, टीमवर्क एवं बेहतर समन्वय को दिया जा रहा है, जिन्होंने लगातार प्रयास करते हुए शिकायतों के निराकरण में तेजी लाई।
कलेक्टर श्रीमती अंजू भदोरिया ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “यह उपलब्धि टीमवर्क, सतत समीक्षा एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यसंस्कृति का परिणाम है। हमारा लक्ष्य केवल रैंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि आमजन को समय पर और संतोषजनक समाधान प्रदान करना है। सभी अधिकारी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहें, ताकि डिण्डोरी जिले को भविष्य में और उच्च स्थान प्राप्त हो सके।”
यह उपलब्धि निश्चित रूप से प्रेरणादायक – जे पी यादव
अपर कलेक्टर जे.पी. यादव ने सभी राजस्व अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि “यह उपलब्धि निश्चित रूप से प्रेरणादायक है, किन्तु इसे बनाए रखना और आगे सुधार करना हमारी प्राथमिकता है। प्रत्येक अधिकारी शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखें, जिससे आगामी समीक्षा में और बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।”
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की गई

