
बाइक चालक पुलिया से नीचे गिरा: सिर फटा,जनसंपर्क के ड्राइवर और कर्मचारियों ने की मदद,भिजवाया अस्पताल

बाइक चालक पुलिया से नीचे गिरा: – जनसंपर्क के ड्राइवर और कर्मचारियों ने की मदद,भिजवाया अस्पताल
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 24 मार्च 2026 – डिंडोरी में मंगलवार को बजाग थाना क्षेत्र के सिंगारसत्ती गांव में एक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित बाइक फिसली और चालक पुलिया के नीचे जा गिरा, जिसे सिर में गंभीर चोट आई है। जानकारी के मुताबिक, घायल युवक का नाम संतोष मसराम है, जो तरच गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। संतोष अपनी बाइक से गाड़ासरई की ओर जा रहा था, तभी सिंगारसत्ती गांव के पास संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिया में गिरने की वजह से युवक के सिर में काफी चोट आई और काफी खून भी बह गया। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था, जिस वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। गनीमत यह रही कि उसी दौरान वहां से जनसंपर्क विभाग की गाड़ी गुजर रही थी। गाड़ी में सवार वाहन चालक राजेश पाराशर और जनसंपर्क सोशल मीडिया हैंडलर दीपक नामदेव ने जैसे ही युवक को घायल अवस्था में देखा, तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और मदद के लिए आगे आए। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने गमछे से युवक के सिर की पट्टी की ताकि खून का बहना कम हो सके और उसे पानी पिलाकर सहारा दिया। इस कर्मचारियों ने बिना देर किए 108 एंबुलेंस को फोन किया और घायल संतोष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग पहुँचाया गया । समय पर मिली इस मदद की वजह से युवक को अस्पताल में इलाज मिल सका है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।


