परीक्षा कार्य में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त -केंद्राध्यक्ष सहित तीन की रोकी वेतन वृद्धि एक को नोटिस

Listen to this article

पूरक परीक्षा देना बनी छात्रा की मजबूरी

संपादक प्रकाश मिश्रा 
जनपथ टुडे डिंडौरी : 24 अप्रैल,2026- विगत दिनों मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बजाग में 12 वीं की छात्रा कुमारी आराधना गजेंद्र ने माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में आपत्ति दर्ज कराते हुए जिला कलेक्टर  सहित विभागीय अधिकारियों से परीक्षा परिणाम से असहमति जताई थी। कलेक्टर को लिखित तौर दिए आवेदन में छात्रा ने आशंका जाहिर करते हुए कहा था कि परीक्षा केंद्र में अंग्रेजी विषय के पेपर में पूरक कॉपी के कारण उसका परीक्षा परिणाम प्रभावित हुआ है। ज्ञात हो कि मंडल द्वारा जारी किए गए परीक्षा परिणाम में अंग्रेजी भाषा के सामने CAN अंकित किया गया है जो उक्त विषय की परीक्षा को रद्द करना इंगित करता है। जनपथ टुडे ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

छात्रा और उसके परिजनों से मिली जानकारी अनुसार परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र अध्यक्ष , सहायक केंद्र अध्यक्ष, पर्यवेक्षक के द्वारा छात्रा को पूरक कॉपी जारी की गई ,जबकि माध्यमिक शिक्षा मंडल के स्पष्ट निर्देश थे कि परीक्षा में पूरक काफी देने का प्रावधान नहीं है। परीक्षा केंद्र में हुई इस लापरवाही के कारण माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस गलती को संज्ञान में लेते हुए छात्रा का परीक्षा फल रोक दिया है । परिणाम स्वरूप छात्रा को द्वितीय अवसर पर पूरक परीक्षा देना पड़ रहा है।

परीक्षा कार्य में संलग्न जिम्मेदार अधिकारियों इस प्रकार की लापरवाही पर कलेक्टर की अनुशंसा पर कार्यवाही करते हुए चरण लाल मरावी केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष मंगरु लाल परस्ते ,कक्ष पर्यवेक्षक श्रीमती गोमती मरावी की एक-एक वेतन वृद्धि रोकी गई एवं कक्ष पर्यवेक्षक अनुग्रह दीप को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।

हालांकि प्रशासन की इस कार्रवाई से छात्रा को कोई लाभ होने की संभावना कम ही है। पूरक परीक्षा देना छात्रा की मजबूरी है उसे होने वाले मानसिक तनाव की भरपाई करना संभव नहीं होगा।

 

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000