
आपरेशन मुस्कान की एक और कामयाबी -2 वर्ष से लापता नाबालिक को खोज कर किया परिजनों को सुपुर्द
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिण्डौरी– 30.04.2026- पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत नाबालिग बालक/बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डिण्डौरी(शाहपुर )पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ अमित वर्मा के कुशल निर्देशन तथा एसडीओपी अजय तिवारी के मार्गदर्शन में, थाना शाहपुर प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते द्वारा टीम गठित कर लगातार प्रयास किए गए। इन्हीं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप विगत 02 वर्षों से लापता नाबालिग बालिका को दिनांक 29.04.2026 को बंशीखेडा थाना बाबरी, जिला शामली (उत्तरप्रदेश) से सकुशल दस्तयाब किया गया। लगातार दो वर्षों तक पुलिस टीम द्वारा की गई मेहनत, तकनीकी एवं मैदानी प्रयासों के फलस्वरूप यह सफलता प्राप्त हुई है, जो ऑपरेशन मुस्कान अभियान की प्रभावशीलता को दर्शाती है।
नाबालिक को किया परिजनों को सुपुर्द
शाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नाबालिक बालिका की पातासाजी शुरू की गई थी। दस्तयाबी के बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद बालिका को उनके परिजनों को सौंपा गया है।
उक्त दस्तयाबी कार्यवाही में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक केवल सिंह परते, सउनि लेखराम परते, सउनि संतोष वंशकार, प्रआर 144 कोदूराम जोगी, प्रआर 202 मुकेश प्रधान, मप्रआर 143 उषा खडसे एवं आर 20 जगदीश उफानिया का सराहनीय योगदान रहा।



