
जिले के विकास के लिए रेल लाइन अत्यंत आवश्यक – भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने लिखा पीएमओ को पत्र, महिला मोर्चा की अध्यक्ष नरबदिया मरकाम ने भी रेल मंत्री को पत्र लिखकर रखी मांग

मोर्चा की अध्यक्ष नरबदिया मरकाम ने भी रेल मंत्री को पत्र लिखकर रखी मांग
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 01 मई 2026- विगत कई दशकों से जिले में रेल लाइन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की दिशा में कोई ठोस कदम जिले के जन प्रतिनिधियों के द्वारा नहीं उठाया गया । पूर्व में कांग्रेस के नेता बसोरी सिंह और उसके बाद डिंडोरी मंडला जिले के लोकप्रिय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने रेल लाइन की मांग को लेकर जिले की जनता की ओर से आवाज बुलंद की थी किंतु आशातीत सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद जिले की जनता मात्र रेल लाइन का सपना लेकर अपने आपको संतुष्ट करती रही है। विगत काफी लंबे समय से जिले के विभिन्न संगठनों ने जिले के जनप्रतिनिधियों सहित प्रदेश और केंद्र स्तर तक अपनी इस मांग को उचित मंच प्रदान करने का प्रयास किया है ।

इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी डिंडोरी के जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने प्रधानमंत्री भारत सरकार को एक पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने डिंडोरी जिले को नवीन रेल परियोजना के तहत रेलवे लाइन से जोड़ने का अनुरोध किया है। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नरबदिया मरकाम ने भी अपने लेटर पैड से रेल मंत्री को पत्र लिखकर डिंडोरी जिले को रेल लाइन की सौगात प्रदान करने की मांग रखी है। निश्चित तौर से इन दोनों स्थानीय जनप्रतिनिधियों का प्रयास न केवल सराहनीय है बल्कि जिले को रेल लाइन से जोड़ने के लिए एक अच्छा कदम भी माना जा सकता है । हालांकि जब तक प्रदेश और केंद्र स्तर के नेताओं की रुचि इस मामले पर नहीं होगी तब तक रेलवे लाइन का सपना केवल सपना ही रहेगा। बहरहाल क्षेत्र की जनता और उनकी जन भावनाओं के अनुरूप इन दोनों जनप्रतिनिधियों ने अपने स्तर का प्रयास किया है जिसके लिए क्षेत्र की जनता इनका हार्दिक धन्यवाद करती है और आशा करती है कि जिले की इस जन उपयोगी मांग को पूरा करने तक यह इसी निरंतरता के साथ प्रयास करते रहेंगे।




