
सड़क हादसा: बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, एक की मौत
उपसंपादक मोहम्मद साहिब
जनपथ टुडे डिंडोरी 4 मई समनापुर/बम्हनी: ग्राम पंचायत बम्हनी के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोहती में आज एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हो गई। एक तेज रफ्तार बाइक को बचाने के प्रयास में यात्रियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुखद घटना में एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब 5 से 6 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सामने से एक बाइक बेहद तेज रफ्तार में आ रही थी। उसे टक्कर से बचाने के चक्कर में ऑटो चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
देवदूत बनकर आए गनियारी अस्पताल के कर्मचारी
दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गनियारी अस्पताल के कर्मचारी रम्मू लाल गुजर रहे थे। मौके की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्परता दिखाई और इंसानियत की मिसाल पेश की। उन्होंने बिना समय गंवाए अपने निजी वाहन से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उनके इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है।
अस्पताल में एक ने तोड़ा दम
सभी घायलों को तत्काल समनापुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया, लेकिन दुर्भाग्यवश एक घायल व्यक्ति की जख्मों के ताव न सह पाने के कारण इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है
