अव्यवस्थाओं के बीच संचालित हो रहा नर्मदा मेगा मेला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Listen to this article

अव्यवस्थाओं के बीच संचालित हो रहा नर्मदा मेगा मेला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 1 जून 2026 – नगर में संचालित नर्मदा मेगा मेले की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मेले के संचालन में कई आवश्यक नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है।

झूलों और अन्य गतिविधियों के बीच नहीं है पर्याप्त दूरी

जानकारी के अनुसार मेले में लगाए गए झूलों और अन्य मनोरंजन गतिविधियों के बीच पर्याप्त दूरी नहीं है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन निकास (Emergency Exit) की स्पष्ट और पर्याप्त व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में भीड़भाड़ की स्थिति में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घनी आबादी और मुख्य मार्ग में मेले को अनुमति क्यों

मेले का आयोजन घनी आबादी वाले क्षेत्र में किया जा रहा है, जहां चारों ओर बहुमंजिला इमारतें मौजूद हैं। इससे न केवल आम नागरिकों को दैनिक आवागमन में परेशानी हो रही है, बल्कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य भी प्रभावित हो सकते हैं।

मुख्य मार्ग पर मेला,प्रभावित हो रहा है यातायात

यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। मेले में आने वाले वाहनों के कारण आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन रही है, जिससे स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

भीड़ के अनुपात में फायर सेफ्टी सिस्टम शून्य

फायर सेफ्टी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मेले में उपलब्ध अग्निशमन संसाधन भीड़ और क्षेत्रफल के अनुपात में अपर्याप्त बताए जा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा संबंधी व्यापक इंतजाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।

इन परिस्थितियों में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मेले को प्रशासन द्वारा किस आधार पर अनुमति प्रदान की गई। क्या सुरक्षा, यातायात, फायर सेफ्टी और आपातकालीन निकास जैसी अनिवार्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया था या नहीं?

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मेले की व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000