बजाग में महकी किसानों के बाग में आम की मिठास, किसान मोती सारीवान ने कलेक्टर को भेंट किए जैविक आम

Listen to this article

बजाग में महकी किसानों के बाग में आम की मिठास, किसान मोती सारीवान ने कलेक्टर को भेंट किए जैविक आम

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडौरी : 16 जून,2026-जिले के बजाग विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घोपतपुर के ग्राम बंजरटोला में जनजातीय किसानों की मेहनत अब रंग लाने लगी है। पीवीटीजी बैगा बाहुल्य ‘बैगाचक’ क्षेत्र में नाबार्ड (NABARD) द्वारा प्रायोजित एवं एसआरपीडीआर भोपाल द्वारा संचालित वाडी परियोजना के तीन वर्ष पूर्ण होने के बाद किसानों के बागों में आम का व्यावसायिक उत्पादन प्रारंभ हो गया है।

बंजरटोला निवासी प्रगतिशील बैगा किसान मोती सारीवान ने प्राकृतिक खेती एवं जैविक खाद के माध्यम से तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता वाले आम जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया को भेंट किए। कलेक्टर ने आम की गुणवत्ता की सराहना करते हुए किसान के प्रयासों की प्रशंसा की और इसे जनजातीय क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि वाडी परियोजना के माध्यम से बैगा किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ उन्हें स्थायी आजीविका के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने किसानों को प्रेरित करते हुए परियोजना से जुड़े हितग्राहियों के लिए मधुमक्खी पालन (बी-कीपिंग) एवं मशरूम उत्पादन (मशरूम कल्टीवेशन) जैसी गतिविधियों को भी अपनाने पर बल दिया, जिससे अतिरिक्त आय के स्रोत विकसित किए जा सकें।

कलेक्टर ने किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सहकारी गतिविधियों का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह परियोजना जनजातीय क्षेत्रों में सतत विकास और आर्थिक सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बन रही है।

इस दौरान नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम), एसआरपीडीआर संस्था के परियोजना समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वाडी परियोजना की इस सफलता से क्षेत्र के बैगा किसानों में उत्साह एवं आत्मनिर्भरता की भावना का संचार हुआ है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000