
12 फीट गहरे टैंक में फँसी गाय को युवाओं और श्रमिकों ने सकुशल निकाला
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिब
जनपथ टुडे डिंडोरी 25 जुलाई:- पुलिस लाइन कॉलोनी (वार्ड क्रमांक 10) स्थित एक निर्माणाधीन परिसर में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। परिसर में बने लगभग 12 फीट गहरे खुले सेप्टिक टैंक में एक गाय गिर गई। स्थानीय लोगों और युवाओं के करीब एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के बाद निर्माणाधीन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
12 फीट गहरे पानी भरे टैंक में फँसी थी गाय
‘युवा शक्ति’ संगठन के सदस्य रोहित कांसकार ने बताया कि उन्हें दोपहर लगभग 12:30 बजे दूरभाष पर घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे अपने साथी कमलेश के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। वहाँ पहुँचकर देखा कि करीब 12 फीट गहरा और पानी से भरा हुआ सेप्टिक टैंक पूरी तरह खुला पड़ा था, जिसमें गाय फँसी हुई थी। गाय काफी समय से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी, लेकिन टैंक गहरा और संकरा होने के कारण असमर्थ थी।
रस्सियों के सहारे 1 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संगठन के सदस्यों ने पास में ही भवन निर्माण कार्य में लगे स्थानीय श्रमिकों और नागरिकों को एकजुट किया। रस्सियों का इंतज़ाम कर बेहद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद गाय को बिना किसी गंभीर चोट के सकुशल बाहर निकाल लिया गया।




