
प्रशासन का नवाचार :जनसंवाद–जन चौपाल का आयोजन आज सायं 5:00 बजे नर्मदा घाट में होगा आयोजित
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिण्डौरी 3 अगस्त 2026 – आमजन की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं स्थायी निराकरण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए जनसंवाद–जन चौपाल का आयोजन आज सायं 5:00 बजे नर्मदा घाट, डिण्डौरी में किया जाएगा। इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अब केवल शिकायतें ही नहीं सुनी जाएंगी, बल्कि समस्या बताने वाले नागरिक स्वयं यह भी बताएंगे कि उसका समाधान कैसे निकाला जाए l प्रशासन का मानना है कि समस्याओं से प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित व्यक्ति ही उनके व्यवहारिक एवं स्थायी समाधान बेहतर ढंग से बता सकता है।
कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में कलेक्टर अंजू पवन भादौरिया के निर्देश में नगर परिषद डिण्डौरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित कर्मचारियों को समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जनसंवाद–जन चौपाल में वार्ड क्रमांक 08, 09 एवं 10 की समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा होगी। सड़क, पेयजल, नालियों की सफाई, जलभराव, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, आवास तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर खुलकर संवाद किया जाएगा और यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेगा, उनके सुझावों को प्राथमिकता देगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करेगा। इस पहल का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण नहीं, बल्कि प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास, सहभागिता एवं जवाबदेही को मजबूत करना भी है।
अधिवक्ता सम्यक जैन ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रशासनिक व्यवस्था में एक सकारात्मक और दूरदर्शी बदलाव है। उन्होंने कहा कि जब समस्या बताने वाला व्यक्ति ही समाधान का सुझाव देगा, तब निर्णय अधिक व्यवहारिक, स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप और दीर्घकालिक होंगे। इससे योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि वास्तविक धरातल पर प्रभावी परिणाम दिखाई देंगे। जनभागीदारी ही सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति है और यह पहल प्रशासन एवं जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी।
नगर परिषद डिण्डौरी ने वार्ड क्रमांक 08, 09 एवं 10 के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आज सायं 5:00 बजे नर्मदा घाट, डिण्डौरी में आयोजित जनसंवाद–जन चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के साथ उनके व्यावहारिक समाधान भी प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि जनसहभागिता के माध्यम से बेहतर, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं विकसित डिण्डौरी के निर्माण की दिशा में सार्थक कदम उठाए जा सकें।


