
डिंडोरी के बच्चे दिखाएंगे दिल्ली में कराटे का हुनर, इंडिपेंडेंस कप चैंपियनशिप में करेंगे मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व

प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर से पुरस्कार प्राप्त करते हुए बच्चियाँ
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 6 अगस्त 2026- डिंडोरी जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां के छह खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों का चयन कराटे इंडिया इंडिपेंडेंस कप चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। राजधानी नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी मध्य प्रदेश स्पोर्ट कराटे एसोसिएशन की टीम का हिस्सा बनकर अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
नियमित अभ्यास और कड़े प्रशिक्षण के बाद मिला बड़ा मंच
डिंडोरी के खिलाड़ी लंबे समय से नियमित अभ्यास और कड़े प्रशिक्षण के माध्यम से इस प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। अब उन्हें राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। जिले के सभी खिलाड़ी और कोच मनिषा बैरागी के नेतृत्व में दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।
इस प्रतियोगिता के लिए मध्य प्रदेश की 50 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें डिंडोरी जिले से दो प्रशिक्षकों सहित छह प्रतिभाओं का चयन हुआ है। चयनित दल में मनिषा बैरागी (कोच एवं ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी), दामिनी परस्ते (कोच), वैभव भारतीय, गरिमा चौहान, गरिमा भारद्वाज एवं सृष्टि बैरागी शामिल हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर खेलना गौरव की बात
इन खिलाड़ियों ने वर्षों की मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है। जिले के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि डिंडोरी के खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेंगे।
जिला कराटे संघ के पदाधिकारी चौखेलाल धुर्वे एवं भाजपा मंडल मंत्री श्रीमती दीपिका भारद्वाज सहित अन्य लोगों ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की कामना की है। उन्होंने कहा कि डिंडोरी के खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा से जिले को नई पहचान दिला रहे हैं और यह चयन जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।


