गोंगपा ने SIR सहित कई मांगो को लेकर सौंपा ज्ञापन

Listen to this article

✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक

जनपथ टुडे डिंडौरी 13 अक्टूबर:- गौंडवाना गणतंत्र पार्टी जिला डिंडौरी ने जिले की विभिन्न जनसमस्याओं, निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और विकास कार्यों में लापरवाही को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। पार्टी के जिलाध्यक्ष रामप्रसाद तेकाम के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

पार्टी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाने और जोड़ने की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से पात्र मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और संबंधित अभिलेखों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग भी की गई।

ज्ञापन में जिले की स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा गया कि 15 किलोमीटर के दायरे में संचालित स्कूलों को सीएम राइज स्कूलों में शामिल किए जाने से अन्य स्कूलों के प्रभावित होने की आशंका है। पार्टी ने छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में अधीक्षक और अधीक्षिकाओं को यथावत रखने, बजाग विकासखंड के अंतर्गत मवेशियों की कथित तस्करी पर रोक लगाने तथा ग्राम पंचायतों में पिछले चार वर्षों से लंबित निर्माण सामग्री के भुगतान को तत्काल कराने की मांग की। इसके अलावा पांचवीं अनुसूचित क्षेत्र डिंडौरी में बांध निर्माण कार्यों की जांच और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

पार्टी ने कठौतिया हाईस्कूल के 459 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सत्र 2024-25 की छात्रवृत्ति नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए जल्द भुगतान कराने की मांग की। वहीं, ग्राम पंचायत ओरई माल में वर्ष 2024-25 के दौरान स्वीकृत सामुदायिक उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण लगभग दो वर्षों से अधूरा होने का आरोप लगाया गया। पार्टी की ओर से प्रस्तुत शिकायत में निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया सामग्री के उपयोग, छत की ढलाई अधूरी रहने और निर्माण सामग्री के खराब होने की बात कही गई। इस संबंध में ग्रामवासियों के हस्ताक्षरयुक्त पंचनामा का हवाला देते हुए निर्माण कार्य की जांच कराने, जिम्मेदार ठेकेदार पर कार्रवाई करने और भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई।

गौंडवाना गणतंत्र पार्टी ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि ज्ञापन में उल्लेखित सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कराकर संबंधित विभागों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। पार्टी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना आवश्यक है। अब इन मांगों पर प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर जिलेवासियों की नजर रहेगी

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000