
बच्चों की मुस्कान और सपनों को साकार करने की दिशा में कलेक्टर की पहल – बजाग में विद्यार्थियों को किया गणवेश वितरण

पहले जूते, फिर कोचिंग और अब गणवेश; कलेक्टर ने बच्चों से कहा- आप निश्चिंत होकर पढ़ाई करें, आपकी हर जरूरत और सुविधा का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे*डिंडौरी, 28 नवंबर 2026 – आकांक्षी विकासखंड बजाग के दूरस्थ क्षेत्र बोंदर स्थित बापा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की पहल पर विद्यार्थियों को गणवेश वितरित किए गए। गणवेश प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने तालियों की गूंज के साथ कलेक्टर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी शिक्षा, आवश्यकताओं और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती भदौरिया द्वारा पूर्व में विद्यालय भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, छात्रावास की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं के संबंध में संवाद किया गया था। इसी दौरान बच्चों ने अपनी जरूरतें और समस्याएं खुलकर साझा की थीं। कलेक्टर की पहल पर विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए ‘शूज फॉर सोल्स’ अभियान के अंतर्गत जूते उपलब्ध कराए गए थे। अब तक तीन विद्यालयों के लगभग 300 विद्यार्थियों को जूते वितरित किए जा चुके हैं। वहीं कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग की आवश्यकता बताने पर कलेक्टर ने तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। विद्यार्थियों ने आज बताया कि उनके लिए कोचिंग भी प्रारंभ हो चुकी है।
गणवेश वितरण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि आप लोगों ने हमें अपना समझकर अपनी जरूरतें और समस्याएं बताईं, यह हमारे लिए विश्वास की बात है। हम भी आपको अपने बच्चों की तरह मानते हैं। आपकी शिक्षा और भविष्य से जुड़ी हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। आप निश्चिंत होकर केवल अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और आगे बढ़ने के लिए मेहनत करें। आपको पढ़ाई के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आती है या किसी सुविधा की आवश्यकता होती है, तो बिना संकोच हमें बताएं।
कलेक्टर ने आगे कहा कि बच्चों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना उन्हें आत्मिक संतुष्टि देता है। उन्होंने कहा कि जब बच्चों द्वारा बताई गई आवश्यकताओं पर कार्य होता है और उन्हें उसका लाभ मिलता है, तो यह देखकर बहुत खुशी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को भी गंभीरता से लिया जाएगा, ताकि संसाधनों के अभाव में उनकी पढ़ाई और आगे बढ़ने के सपने प्रभावित न हों।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बताया कि पहले उनके द्वारा कोचिंग की आवश्यकता बताई गई थी, जिसकी व्यवस्था अब शुरू हो गई है। गणवेश मिलने और पढ़ाई के लिए अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध होने पर बच्चों ने प्रसन्नता व्यक्त की। कलेक्टर के आत्मीय संबोधन के बाद विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी जरूरतों को समझकर उन पर कार्य किया जा रहा है, जिससे उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
कलेक्टर की इस पहल में बच्चों की जरूरतों को केवल सुनने तक सीमित न रखते हुए उन्हें धरातल पर सुविधाओं में बदलने का प्रयास दिखाई देता है। जूतों से लेकर गणवेश और उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए कोचिंग की व्यवस्था तक, यह पहल दूरस्थ अंचल के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। इसका उद्देश्य बच्चों को यह विश्वास दिलाना है कि उनकी परिस्थितियां चाहे जैसी हों, उनकी प्रतिभा और सपनों को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव, विद्यालय प्राचार्य सहित अन्य संबंधित शिक्षक एवं अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




