
बरगांव में विशाल दिव्यांगजन एवं स्वास्थ्य शिविर: लगभग 13 हजार लोगों ने लिया लाभ
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे डिण्डौरी, 29 नवंबर:- जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल, बरगांव (शहपुरा) में आयोजित विशाल दिव्यांगजन एवं स्वास्थ्य शिविर में लगभग 13 हजार लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में लगभग 400 चिकित्सकों और चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने भाग लेकर ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं दीं।
विशेषज्ञ सेवाएं और उपकरणों का वितरण
शिविर में हृदय रोग, अस्थि रोग, दंत चिकित्सा, शल्य चिकित्सा और स्त्री रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने नागरिकों का परीक्षण कर उपचार, परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को मेडिकल प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, ट्राई साइकिल, बैटरी चलित ट्राई साइकिल और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे जरूरतमंदों को अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ा।
विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं, सेवाओं और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। मुख्य अतिथियों और अधिकारियों ने स्टॉलों, चिकित्सा सेवाओं व व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर हितग्राहियों से संवाद किया और सुविधाओं की जानकारी ली।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य जिले के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना और दिव्यांगजनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा चिकित्सक, अधिकारी और आयोजक सेवाभाव व संवेदनशीलता से जरूरतमंदों की सहायता करें।
नशामुक्त जीवन की अपील और गांव-गांव शिविर का सुझाव
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि दिव्यांगजनों और जरूरतमंद नागरिकों की सेवा करना शासन व समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है तथा सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त जीवन अपनाकर व्यक्ति स्वयं स्वस्थ रह सकता है और परिवार को भी सुरक्षित व खुशहाल बना सकता है।
शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि यह शिविर क्षेत्र के जरूरतमंदों के लिए महत्वपूर्ण पहल है और ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने में उपयोगी हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि दिव्यांगजनों को गांव-गांव में चिन्हित कर प्रत्येक विकासखंड और ग्रामीण क्षेत्र में समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाएं, साथ ही उन्होंने चिकित्सकों, आयोजकों, प्रशासनिक अधिकारियों और सहयोगियों के कार्यों की सराहना की।
शिविर में इनकी रही उपस्थिति
शिविर में मध्यप्रदेश रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्याम सिंह कुमरे, पूर्व आयुक्त एवं शिविर संयोजक संदीप रजक, राजकुमार मटाले, जनजाति कल्याण केंद्र अध्यक्ष मनोहर लाल साहू, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, शहपुरा जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मो और शहपुरा एसडीएम फरहान इरफान जामदार उपस्थित रहे। इनके अलावा सुनील कुमार बाजपेयी, जाम सिंह, श्यामवनवाले, शरद जैन, जयसच देवा, कृष्ण बिलैया, शैलेश मिश्रा, डॉ. पुष्पराज पटेल, डॉ. विजय प्रताप, डॉ. नीरज जैन, डॉ. पंकज, डॉ. अखिलेश, डॉ. अशोक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे


