
अमरपुर/ उत्कृष्ट विद्यालय में खुल गई दुकान, शिक्षा विभाग का कारनामा
देव सिंह भारती
जनपथ टुडे, अमरपुर, डिंडौरी, 23 अक्टूबर 2021, जनपद पंचायत मुख्यालय में संचालित रानी अवंतीबाई शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर के अंदर, विद्यालय के बरामदे में चाय, पाऊच आदि की दुकान संचालित की जा रही हैं। दुकान संचालक ने बताया कि प्रभारी प्राचार्य द्वारा उसे अनुमति दी गई है और लगभग डेढ़ माह से दुकान का संचालन स्कूल के बरामदे में किया जा रहा है।
जबकि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी विद्यालय से 100 मीटर की दूरी पर इस प्रकार की दुकानों के संचालन पर पूर्णत: प्रतिबंध होने के बावजूद भी अमरपुर में शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों द्वारा स्कूल के बरामदे का ही उपयोग करने दुकानदार को अनुमति दे दी, जो शिक्षा विभाग ने मनमानी का नमूना है।
वहीं बताया जाता है कि कार्यालय के सामने ज्ञापन दिनांक 4/9/2021 के अनुसार 6/9/2021 तक दुकान संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया हैं। जिसमें कुछ नियम शर्ते भी दर्शित हैं। इस संबंध में जवाबदार अधिकारियों से जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। प्रार्चाय एवं बीईओ से पूछे जाने पर कहा गया कि उन्हें इस संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं हैं। जबकि विकासखंड मुख्यालय की एक प्रमुख संस्था में पिछले डेढ़ माह से दुकान का संचालन हो रहा है तब भी यदि इन जिम्मेदार अधिकारियों को सच में जानकारी नहीं है तब साफ है कि शासकीय संस्थाओं के प्रति जिम्मेदार कितने सतर्क है।