भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया पश्चिम बंगाल में जीत का जश्न 

Listen to this article

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिण्डोरी 04 मई 2026 – पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक एवं उल्लेखनीय विजय पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिण्डोरी में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा हर्षोल्लास के साथ भव्य विजय उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू एवं बंगाल की पारंपरिक झालमुड़ी खिलाकर जीत की बधाई दी तथा रंग-बिरंगी आतिशबाजी कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।

जिला भाजपा कार्यालय परिसर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “भाजपा जिंदाबाद” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। ढोल-नगाड़ों, उत्साहपूर्ण नारों एवं मिष्ठान वितरण के साथ कार्यकर्ताओं ने इस विजय को राष्ट्रवाद, विकास, सुशासन एवं जनविश्वास की जीत बताया।

इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों, संगठन की निष्ठा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर अपना विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह विजय केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सुशासन और विकास की राजनीति की जीत है।

जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश के प्रत्येक कोने में गरीब, किसान, युवा, महिला एवं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान हेतु कार्य कर रही है, जिसका परिणाम जनता के समर्थन के रूप में लगातार सामने आ रहा है। पश्चिम बंगाल की यह विजय भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण एवं जनसेवा की भावना का प्रतिफल है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लड्डू एवं झालमुड़ी का वितरण कर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं, आतिशबाजी की तथा पूरे कार्यालय परिसर में विजय उत्सव का उल्लासपूर्ण माहौल बना रहा।

इस अवसर पर भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षगण, मोर्चा पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000