भाजपा मण्डल अध्यक्ष कर रहे निजी भूमि पर गुण्डागर्दी कर अवैध कब्जा – मीसा बंदी जय नारायण साहू

Listen to this article

संपादक प्रकाश मिश्रा

जनपथ टुडे डिंडोरी 17 मार्च 2026- डिंडोरी जिले के शाहपुरा निवासी लोकतंत्र सेनानी मीसा बंदी जय नारायण साहू ने जिला प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक बार फिर अपनी निजी भूमि को राजनीतिक दबाव से मुक्त करने की गुहार जिला कलेक्टर से लगाई है। कलेक्टर को लिखे पत्र में मीसा बंदी जय नारायण साहू ने शहपुरा में भाजपा के मंडल अध्यक्ष भजन दास चक्रवर्ती पर गुंडागर्दी करने तथा अवैध तरीके से उनकी निजी भूमि पर टपरा रखकर कब्जा करने का आरोप लगाया है।

*एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी को कर चुके हैं शिकायत नहीं हुई कार्यवाही*

साहू ने अपने पत्र में लिखा है कि मैं जयनारायण साहू वरिष्ठ मीसाबंदी (लोकतंत्र सेनानी) हूँ शहपुरा में मेरी निजी स्वामित्व की भूमि उमरिया रोड, शहपुरा खसरा नंबर 132/2 में स्थित है। उक्त भूमि पर मण्डल अध्यक्ष भजनदास चक्रवर्ती द्वारा अवैध रूप से टपरा रखकर कब्जा किया जा रहा है। उक्त भूमि पर कब्जा हटाने पर मेरे से मारपीट एवं गाली-गलौच किया जा रहा है। उक्त घटना की सूचना मेरे द्वारा दिनांक 04/02/2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा, एवं तहसीलदार, शहपरा व थाना प्रभारी शहपुरा को दी गई थी। परंतु आज दिनांक तक राजनैतिक प्रभाव के कारण प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की गई, जिससे मैं आहत हूं।

अपने पत्र में जय नारायण साहू ने बताया है कि भजनदास चक्रवर्ती की भूमि उनकी रजिस्ट्री अनुसार शहपुरा उमरिया रोड के दांयी तरफ स्थित है, जबकि मेरी निजी स्वामित्व की भूमि शहपुरा उमरिया रोड के बांयी ओर स्थित है जिस पर भजनदास चक्रवर्ती द्वारा अपनी रजिस्ट्रीकृत भूमि को पार कर मेरी जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है एवं मेरे द्वारा उन्हें अपनी भूमि का सीमांकन कराने हेतु बोला जा रहा है परंतु जमीन हडपने की साजिश के कारण उनके द्वारा भूमि का सीमांकन नहीं करवाया जा रहा है एवं बार-बार वाद-विवाद एवं मरपीट की स्थिति निर्मित हो रही है। उपरोक्त घटना से प्रशासन भी अवगत होते हुये भी मण्डल अध्यक्ष के प्रभाव में कार्य कर रहे हैं। इसके 02 वर्ष पूर्व भी इनके द्वारा मेरी भूमि पर अवैध कब्जा किये जाने की कोशिश की गई। जिस दौरान मारपीट एवं वाद-विवाद की स्थिति निर्मित हुई, इनका यह कृत्य बार-बार सामने आता है और प्रशासन जानबूझकर मौन हो जाता है। जिससे कि आम जन का भरोसा प्रशासन से उठने लगा है।

*भूमि के सीमांकन की मांग*

विगत वर्षों से चल रहे भूमि विवाद को सुलझाने के लिए उक्त प्रकरण पर तत्काल कार्यवाही करते हुये खसरा नंबर 132 शहपुरा उमरिया रोड जिसके 03 प्रमुख भू-स्वामी हैं, (1) भजनदास/शिवदास चक्रवर्ती (2) नोहर लाल साहू/झडूले साहू एवं (3)जयनारायण साहू/तुलसीराम साहू तीनों निवासी शहपुरा का रजिस्ट्री के आधार पर भूमि का सीमांकन कराने की मांग की है, जिससे वाद-विवाद की स्थिति निर्मित न हो।

*प्रदेश सरकार करती है सम्मान और स्थानीय प्रशासन भेदभाव*

जयनारायण साहू ने स्थानीय प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा है कि वे शहपुरा नगर के वरिष्ठ मीसाबंदी (लोकतंत्र सेनानी) है. जिनको विभिन्न राष्ट्रीय पर्वो पर शासन एवं प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के निर्देश पर सम्मानित किया जाता है परंतु अन्याय होने पर राजनैतिक दबाब के कारण यहाँ प्रशासन लगभग 03 वर्षों से मौन है।

*समाधान न होने पर मुख्यमंत्री निवास के सामने करूंगा आमरण अनशन*

मीसा बंदी जय नारायण साहू ने जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन को आगाह करते हुए कहा है कि यदि मेरी समस्या का निराकरण 10 दिवस में नहीं किया आता तो मेरे द्वारा मुख्यमंत्री के निवास स्थान भोपाल पर आमरण अनशन किया जावेगा, जिसकी समस्त जबाबदेही प्रशासन की होगी।

इनका कहना है – 

जय नारायण साहू जी जिले के सम्मानित व्यक्ति हैं इसके साथ ही मीसा बंदी भी हैं उनकी समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। भूमि का सीमांकन कर नियमानुसार कार्यवाही करेंगे। 

श्री मति अंजू पवन भदोरिया 

कलेक्टर 

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000