स्वच्छता श्रमदान में पुलिस विभाग का नहीं दिख रहा योगदान- बैठक में सौंपी गई थी सभी विभागों को अलग-अलग स्थलों की जिम्मेदारी- आम नागरिकों से भी अपील 

Listen to this article

 

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडोरी 17 मई 2026- जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम और जिले में संचालित मैया अभियान की बागडोर जिला कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने बड़ी ही जिम्मेदारी के साथ संभाली है उनके अथक प्रयासों से जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम के क्षेत्र में जिला न केवल प्रदेश में बल्कि देश में भी अपना नाम रोशन कर रहा है।

विगत दिनों कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित आयोजित समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने जल गंगा संवर्धन अभियान और मैया अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक ठोस कदम उठाया था और सभी विभागों को अलग-अलग स्थलों पर स्वच्छता श्रमदान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी थी ।

पिछले तीन-चार हफ्तों से देखा जा रहा है कि अन्य विभाग तो अपने-अपने चिन्हित स्थलों पर पहुंचकर स्वच्छता श्रमदान कर रहे हैं जिनके साथ जिला प्रशासन भी पूरी तरह से कमर कसकर तैयार खड़ा रहता है नगर की जनता और स्कूली बच्चे भी इस स्वच्छता श्रमदान में अपनी मजबूत भागीदारी दिखा रहे हैं लेकिन अफसोस का विषय है कि पुलिस विभाग जिसे नर्मदा पुलपार भवतारिणी मंदिर घाट में स्वच्छता श्रमदान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी वह कहीं दिखाई नहीं दे रहा है ।

बोझ समझकर नहीं जिम्मेदारी समझ कर करें श्रमदान 

नर्मदा नदी जीवन दायिनी कहलाती हैं इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से संकल्पित है। प्रशासन के द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं जिससे नर्मदा की पवित्र धारा को अविरल बनाया जा सके। इस बड़े अभियान में सभी के सहयोग की आवश्यकता है सभी के छोटे-छोटे प्रयासों से यह बड़ा अभियान सरलता पूर्वक संपन्न हो सकता है। विचारधारा को आगे बढ़ते हुए जिला कलेक्टर ने सबको यह जिम्मेदारी सौंपी थी आशा की जाती है कि आगामी दिनों में पुलिस विभाग अपने कर्मठ अधिकारी कर्मचारियों के साथ अपने चिन्हित स्थलों पर पहुंचकर स्वच्छता श्रमदान अभियान जारी करेंगे।

नगर वासियों से भी अपील 

डिंडोरी नगर मां नर्मदा के पावन तट और पुण्यं क्षेत्र में बसा हुआ है यहां रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के मन में मां नर्मदा के प्रति बड़ी श्रद्धा और सच्ची आस्था है हम सब नर्मदा के पवित्र जल का प्रयोग कर अपने जीवन को धन्य कर रहे हैं। किंतु हम अपनी नर्मदा मैया के आंचल को गंदा होने से नहीं बचा पा रहे हैं और कहीं ना कहीं इसकी पूरी जिम्मेदारी हम सभी नगर वासियों की ही है। हमारे ही घरों से निकलने वाला कचरा विभिन्न नालों और नालियों के माध्यम से नर्मदा जी के पवित्र जल में समाहित होता है। बात यहां तक ठीक है कि हम अपने दैनिक जीवन में उपयोग किए जाने वाले सामग्रियों को नालों और नालियों के माध्यम से ही बाहर करते हैं किंतु उसे कचरे को नर्मदा जी के पवित्र जल में मिलने से रोकने की जिम्मेदारी भी हमारी ही है। प्रतिदिन ना सही सप्ताह का एक दिन हमें नर्मदा जी के संरक्षण और संवर्धन के लिए निकालना ही होगा। जिला प्रशासन और उनके सभी अधिकारी प्रत्येक रविवार को नियमबद्ध होकर संकल्पित होकर इस अभियान को संचालित करते हैं हम उनके इस अभियान में सहयोगी बनकर मां नर्मदा के प्रति अपनी सच्ची आस्था और निष्ठा प्रकट कर सकते हैं। आइए मैया अभियान से जुड़िये और नर्मदा मैया के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन कीजिए।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000