
निर्माणाधीन पुल में तकनीकी खामी पर विधायक नाराज, अधिकारियों को लगाई फटकार- पुल के एप्रोच मार्ग पर लगभग 90 डिग्री का तीखा मोड़ बन सकता है दुर्घटना का कारण
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी (अमरपुर) 2 जून 2026 – अमरपुर विकासखंड में खरमेर नदी पर लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल के निर्माण कार्य में कथित तकनीकी खामियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। क्षेत्रीय विधायक Omprakash Dhurve ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
विधायक ओम प्रकाश धुर्वे ने बताया कि अमरपुर को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल के एप्रोच मार्ग पर लगभग 90 डिग्री का तीखा मोड़ बना दिया गया है। उनका कहना है कि इस तरह का मोड़ यातायात की दृष्टि से बेहद खतरनाक साबित हो सकता है और भविष्य में यहां बड़े हादसों की आशंका बनी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने जनपद पंचायत एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में बरती गई कथित अनियमितताओं पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तकनीकी खामियों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि पुल निर्माण में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
उधर, स्थानीय लोगों ने भी पुल के मोड़ को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते डिजाइन में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा। मामले को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों जल्द ही तकनीकी त्रुटि ठीक करने की बात कही है।

