
जिले में मिलावटखोरों पर प्रशासन का कड़ा रुख

एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट, रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिब
जनपथ टुडे डिंडोरी 12 जून:- जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज करंजिया ब्लॉक के विभिन्न प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, होटल एवं गल्ला दुकानों का निरीक्षण किया गया। जिससे क्षेत्र के मिलावटखोरों और लापरवाह व्यवसायियों में हड़कंप मच गया।
एक्सपायरी सामग्री पर एक्शन और किराना दुकानों की जांच
निरीक्षण के दौरान बृजेश किराना स्टोर में टोस्ट, बेली सुपारी और स्वीटी सुपारी एक्सपायरी डेट की पाई गईं, जिन्हें अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट कराया। इसके साथ ही दुकान से काली मिर्च और घी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए टीम ने शुभ ट्रेडर्स, राजेन्द्र कुमार साहू गल्ला फर्म एवं मां शारदा किराना स्टोर का भी बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और तेल के नमूने लेकर संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए।
गंदगी मिलने पर रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस
अमरकंटक रोड स्थित मां नर्मदा रेस्टोरेंट एवं कैफे के निरीक्षण के दौरान किचन में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। यहाँ फर्श, छत और दीवारों पर अत्यधिक गंदगी एवं काली परत जमी मिली, साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव भी पाया गया। इसे मानव स्वास्थय के लिए गंभीर खतरा मानते हुए रेस्टोरेंट संचालक को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। इसी प्रकार पाटनगढ़ स्थित बजरंग रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ नोटिस थमाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा विनियम 2011 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे सैंपल
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सभी खाद्य विक्रेताओं को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, भोजन निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता जांच कराने तथा फ्रिज एवं बर्तनों की स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। दुकानों और रेस्टोरेंट से संग्रहित किए गए सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


