
महज ढाई माह में उजड़ गया वैवाहिक जीवन : नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने पति, सास-ससुर पर लगाए प्रताड़ना के आरोप जाँच में जुटी पुलिस
एसडीओपी सतीश द्विवेदी
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 28 जुलाई 2026- जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में 23 वर्षीय नवविवाहिता खुश्बू साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विवाह के महज ढाई माह बाद हुई इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतका के मायके पक्ष ने पति, सास और ससुर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 निवासी खुश्बू साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस प्राथमिक कार्यवाही के बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया।
बेटी की असमय मौत से गहरे सदमे में है परिवार
मृतका के भाई
घटना ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। परिजनों के अनुसार सोमवार शाम ससुराल से फोन कर खुश्बू की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लालपुर से उसके माता-पिता और भाई तत्काल डिंडौरी पहुंचे, जहां उन्होंने खुश्बू को मृत अवस्था में पाया। बेटी की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
6 मई 2026 को हुआ था विवाह –
मृतका के बड़े पिता ने बताया कि खुश्बू साहू का विवाह 6 मई 2026 को डिंडौरी निवासी अंकित साहू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। उनका कहना है कि शनिवार को ही खुश्बू अपने पति के साथ ससुराल आई थी, लेकिन दो दिन बाद उसकी मौत की सूचना मिलने से पूरा परिवार स्तब्ध रह गया।
एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य, पति सहित सास-ससुर से पूछताछ
मामले में एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पति, सास और ससुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


