
मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम में 14 आश्रितों को मिले अनुकंपा नियुक्ति आदेश, खिले चेहरे
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिबेआलम
जनपथ टुडे डिंडौरी 08 अगस्त:- जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रित परिवारों को बड़ी राहत दी है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करते हुए 14 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए। नियुक्ति आदेशों का वितरण विकासखंड अमरपुर के ग्राम सिधौली (मोहगांव) में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के दौरान किया गया।
नियुक्ति आदेश प्राप्त होते ही लाभांवित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभ्यर्थियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नियुक्ति मिलने से परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा और भविष्य को लेकर उनकी चिंता भी कम होगी।
इन्हें मिले अनुकंपा नियुक्ति आदेश
अनुकंपा नियुक्ति के तहत सहायक ग्रेड-3 के पद पर राकेश कुमार परस्ते, कुमारी मुक्ता धुर्वे, कुमारी अनन्या राय एवं अभिषेक संत को नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए।
वहीं भृत्य (चतुर्थ श्रेणी) के पद पर भुकनू सिंह परस्ते, श्रीमती निर्मला वाई भारतीय, बालकेश चंदरनिया, दमोदर देव धुर्वे, भूपेन्द्र कुमार परस्ते, रेवाराम धुर्वे, श्रीमती सरोजनी गायकवाड, अंशुल कछवाहा, सोमनाथ बरमैया एवं रितिक बावरिया को नियुक्ति आदेश मिले।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते एवं भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का बिना विलंब निराकरण करने के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया तथा जनजातीय कार्य विभाग की कार्यशैली की सराहना की।
अतिथियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली को दर्शाता है। अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से इन परिवारों को आर्थिक सहारा मिलने के साथ ही उनके जीवन में स्थिरता लाने का प्रयास किया गया है।


