राष्ट्रीय एकता दिवस पर डिंडौरी में आयोजित हुई ‘एकता दौड़’- सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया संदेश

Listen to this article

राष्ट्रीय एकता दिवस पर डिंडौरी में आयोजित हुई ‘एकता दौड़’- सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया संदेश

संपादक – प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडौरी 31 अक्टूबर 2026 भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अंतर्गत जिला डिंडौरी में ‘एकता दौड़’ (Run for Unity) का आयोजन किया गया। एकता दौड़ रानी अवंतीबाई चौक से प्रारंभ होकर पुलिस ग्राउंड, डिंडौरी तक आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए युवाओं एवं आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव की भावना को सुदृढ़ करना है।

सरदार पटेल ने रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर बनाया अखंड भारत – विधायक ओमप्रकाश धुर्वे

शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि आजादी के समय देश में 500 से अधिक रियासतें थीं, जिनमें से कई भारत में विलय नहीं होना चाहती थीं। ऐसे समय में सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रयासों से इन रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया तथा भारत को एक मजबूत एवं अखंड राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के इसी योगदान की स्मृति में उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। देशभर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया जाता है।

राष्ट्रीय एकता की दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, रेडक्रॉस समिति चेयरमैन नरेंद्र राजपूत, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ डिंडौरी अशोक सोलंकी, प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000