बजाग जनपद अध्यक्ष ने की ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश पटेरिया के द्वारा घोटाले करने की शिकायत

Listen to this article

कांग्रेसियों में मचा घमासान, आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी

जिला कलेक्ट्रर से मामलों की जांच करा अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 28 जुलाई 2021, डिंडोरी जिले की बजाग जनपद के अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते ने कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश पटेरिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत कर मामले की जांच करते हुए आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

जनपद अध्यक्ष बजाग के द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार जनपद बजाग के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में लोकेश पटेरिया के द्वारा मैटेरियल सप्लाई सहित ठेकेदारी का काम करते हुए शासन की योजनाओं को पलीता लगाया है।

कलेक्टर को सौपे गए शिकायती पत्र में रूद्रेश परस्ते ने कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष पर मस्टररोल में मजदूरी के नाम पर 1 साल में 372 दिन की मजदूरी प्राप्त करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि जो व्यक्ति आयकर दाता है ग्राम पंचायतों में सीमेंट, लोहा, ईंट, रेत खिड़की, दरवाजा मुरुम इत्यादि की सप्लाई करता है उसका नाम मस्टररोल में कैसे दर्ज किया जा सकता है। किंतु कांग्रेस नेता ने मिलीभगत करते हुए शासन को धोखा देते हुए शासन की राशि फर्जी तरीके से प्राप्त की है जो जांच का विषय है।

जनपद अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपते हुए कांग्रेस नेता के द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों में किए गए मैटेरियल सप्लाई के नाम पर प्राप्त किए गए भुगतान एवं मस्टररोल में मजदूरी के नाम से प्राप्त किए भुगतान की जांच करने की मांग की है। साथ ही जांच के बाद अपराधिक प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात भी कही है।

“मैं कांग्रेस का समर्पित कार्यकर्ता हूं। कांग्रेस पार्टी की नीतिया भ्रष्टाचार के खिलाफ है। वहीं मै जनपद का मुखिया हूं और इस नाते मेरा पहला दायित्व अपने क्षेत्र की किसी भी पंचायत में की जा रही आर्थिक गड़बड़ी पर अंकुश लगाना है। इसी के चलते मेरे द्वारा जिला कलेक्ट्रेट से कुछ प्रमाणित मामलों की जांच करवाकर कार्यवाही की मांग की गई है।”

रुद्रेश परस्ते,
अध्यक्ष,
जनपद पंचायत बजाग

 

कांग्रेस V/s कांग्रेस

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से जिले में दिखाई दे रहे राजनैतिक घटनाक्रम में कांग्रेस और कांग्रेसी कार्यकर्ता के मसले अधिक ही सुर्खियां बटोर रहे है। इसकी शुरुआत महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोषी साहू के एक आयोजन के बाद से हुई जब महिला अध्यक्ष पर भाजपा कार्यालय में अभद्रता की शिकायत करने भाजपा नेता पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे इसके बाद कांग्रेसियों ने भी शिकायत और ज्ञापन दिए, फिर स्थानीय कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम प्रभारी मंत्री का विरोध और फिर कार्यकर्ताओं द्वारा प्रभारी मंत्री का विरोध करने के चलते कार्यकर्ताओं पर मामले दर्ज किए गए। इस पूरे घटनाक्रम को जहां प्रदेश स्तर पर हवा देने की कोशिश की जाती रही वहीं जिले के ही शहपुरा विधायक और कांग्रेस जिला अध्यक्ष की संपूर्ण चुप्पी का भी बहुत कुछ अर्थ निकाला जा रहा है। वहीं कल एक कांग्रेसी कार्यकर्ता और राइस मिल संचालक रमेश राजपाल द्वारा महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोषी साहू के पति रामजी साहू जिन्हें पिछड़ा वर्ग संघ व फुटकर व्यापारी संघ का जिला अध्यक्ष भी बताया जाता के विरूद्ध गड़बड़ी की शिकायत पुलिस ने दर्ज करवाई गई थी। आज बजाग जनपद अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते जो कि कांग्रेस पार्टी से ही सम्बन्ध रखते है उन्होंने बजाग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश पटेरिया के खिलाफ आर्थिक गड़बड़ी और ग्राम पंचायतों में घोटाले बाजी की लिखित शिकायत कर जिला कलेक्टर से जांच और कार्यवाही की मांग की है। कांग्रेस में मची इस खिचतान से विरोधी दल को खुलकर बल्लेबाजी करने का मौका बताया जा रहा है। वहीं जिले भर में चर्चा यह भी है कि दो दिन में कांग्रेस के दो विकेट गिर चुके है बहुत जल्दी तीसरा विकेट भी निशाने पर बताया जा रहा है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000