मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के पहले किसान गायब, अधिकारी कर्मचारी ही सुनते रहे लाइव प्रसारण

Listen to this article

कांग्रेस का आरोप प्रदेश सरकार से ऊब चुकी है जनता और किसान

जनपथ टुडे, डिंडौरी, 18 मई 2022, बुधवार को कलेक्ट्रेट आडीटोरियम में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के दौरान परिसर में कुर्सियां खाली पड़ी रही। केवल अधिकारी कर्मचारी और कुछ जनप्रतिधि मुख्यमंत्री का भाषण सुनते नजर आये। इस मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से जनता व किसान ऊब चुके है।

आखिर क्यों खाली पड़ी रही कुर्सियां और चले गए किसान??

कलेक्ट्रेट आडीटोरियम में आयोजित मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में लगभग एक लाख तीस हजार किसानों को लाभान्वित किया जाना था। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिये किसानों को एकत्रित भी किया था। लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का लाइव प्रसारण रीवा जिले से एक घंटे विलम्ब से प्रारम्भ हुआ, जिसके चलते दूर दराज से आये किसान बिना कार्यक्रम देखे ही अपने घर चले गए। धनुआसागर के किसान ब्रजभान सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में किसान आये थे लेकिन कार्यक्रम देर से शुरू हुआ और किसान दूर दूर से आये थे शाम हो रही थी लिहाजा उनके घर वापस जाने का कोई इंतजाम नही रहता। इसलिये किसान बिना कार्यक्रम देखे ही चले गए है।

तहसीलदार बिसन सिंह ठाकुर ने जानकारी में बताया कि जिले भर से किसानों को बुलाया गया था।किसान आये भी लेकिन मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शाम लगभग पाँच बजे के बाद शुरू हुआ और 6 बजे तक चला है । संभवतः इसलिये कुछ किसान चले गए। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से जिले भर के एक लाख तीस हजार किसानों के खाते में दो दो हजार रुपये की राशि मुख्यमंत्री द्वारा वन क्लिक के माध्यम से उनके खाते में डाली गयीं है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष का आरोप जनता और किसान का सरकार से मोहभंग

कलेक्ट्रेट ओडीटोरियम में आयोजित मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना कार्यक्रम में किसानों के घर जाने के मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने आरोप लगाते हुये कहा कि प्रदेश सरकार से जनता व किसानों का मोहभंग हो गया है। सरकार पहले तो योजनाओं का लाभ देती है फिर जाँच करवाकर किसानों को अपात्र घोषित कर पैसा वापस ले लेती है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा, एस डी एम बलवीर रमन, तहसीलदार बिसन सिंह ठाकुर, उपसंचालक कृषि अश्वनी झरिया, खाद्य निरीक्षक आर एम सिंह ,पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुशीला मार्को भाजपा नेता महेश धूमकेती, नगर परिषद उपाध्यक्ष महेश पराशर सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000