
मनरेगा, कार्य करते घायल हुई महिला मजदूर
जनपथ टुडे, डिंडोरी समनापुर, 29 मई 2020, प्राप्त जानकारी के अनुसार कल देर रात ग्राम पंचायत मोहगांव, जनपद पंचायत समनापुर के ग्राम उमरिया में एक महिला मजदूर जो कि मेढ़ बंधान में मजदूरी कर रही थी, विमला बाई पति लक्ष्मण आयु 25 वर्ष ग्राम उमरिया, कार्य करते हुए गेती हाथ में लग जाने से गंभीर रूप से घायल हो गई। मजदूर को इलाज हेतु समनापुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से उपचार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। बताया जाता है कि मनरेगा अंतर्गत मेढ़ बंधान का कार्य चल रहा था जो कि सुबह अंधेरे चालू किया गया था और यह महिला मजदूर उसी में कार्य कर रही थी अंधेरा होने की वजह दूसरे मजदूर की गेती से हथेली बुरी तरह जख्मी हो गई मजदूर को इलाज हेतु अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के संबंध में जनपद पंचायत समनापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एमएल धुर्वे ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। गर्मी अधिक पड़ रही है हितग्राही अपनी सुविधानुसार सुबह जल्दी कार्य प्रारंभ कर लेते है, घायल मजदूर को मनरेगा के प्रावधान अनुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी जिसमें ₹10000 की आर्थिक सहायता उसे दिए जाने का प्रावधान है इसके अलावा हाजिरी का लाभ दिया जाएगा साथ ही जो भी मदद जनपद पंचायत के माध्यम से संभव है की जाएगी।